प्यार का खौफनाक अंत! गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या, रेलवे ट्रैक किनारे फेंका शव

यूपी ले जाने के बहाने राजस्थान से रतलाम लाया, होटल में 4 घंटे रुके; हत्या के बाद प्रयागराज भागा आरोपी
अक्षरविश्व न्यूज | रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में राजस्थान की 20 वर्षीय युवती की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी शव को रेलवे ट्रैक के पास बने नाले में छोड़कर उत्तर प्रदेश भाग गया। राजस्थान पुलिस ने आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे रतलाम जीआरपी थाने लाया गया, जहां पुलिस ने घटनास्थल और उस होटल से साक्ष्य जुटाए, जहां दोनों रुके थे।
पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान सुनहरी के रूप में हुई है। वह राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। वह 9 अक्टूबर 2026 को घर से लापता हो गई थी।
प्रयागराज ले जाने का दिया था बहाना
जांच के मुताबिक, सुनहरी अपने प्रेमी विकास के साथ रतलाम के एक होटल में गई थी। दोनों वहां करीब चार घंटे रुके। इसके बाद आरोपी उसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जाने का बहाना बनाकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के पास रेलवे ट्रैक की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ट्रैक किनारे बने नाले में छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों ने जताया था युवक पर शक
युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने गांव में रहने वाले विकास यादव पर उसे भगाकर ले जाने का संदेह जताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। विकास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के पास का रहने वाला है।
पुलिस जब आरोपी के गांव पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क कर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची। वहां आरोपी परिवार में किसी की मौत के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
डीएसपी के मुताबिक, जांच में यह बात भी सामने आई है कि होटल में आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। हालांकि, युवती की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









