सज-संवरकर पहुंची ‘शक्ति’, हुड़दंगियों को खदेड़ा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शक्ति ब्रिगेड शुक्रवार रात सज-संवर कर गरबा पंडालों में पहुंच गई। इस दौरान हुड़दंगियों को पंडालों से खदेड़ा गया और मोबाइल से युवतियों के फोटो-वीडियो बना रहे युवकों को पकड़ा गया। उनसे वीडियो-फोटो डिलीट कराए गए। पुलिस की शक्ति ब्रिगेड का नेतृत्व सीएसपी दीपिका शिंदे कर रही थीं। प्रोबेशनर डीएसपी आरती रघुवंशी भी साथ थीं। पंडालों में युवतियों की सुरक्षा करने के मकसद ने इन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को गरबा पोशाक पहनकर तैयार करवाया था, रात 8 बजे यह सब पुलिस कंट्रोल रूम पर एकत्र हुईं और फिर शुरू हुआ पंडाल-पंडाल घूमने का दौर।
आधी रात तक चला दौर: आधी रात तक चैकिंग का दौर चला। बड़े गरबों के साथ छोटे गरबों की जांच भी की गई।
गरबा खेलकर रखी नजर, फिर कार्रवाई
ब्रिगेड की शक्तियों ने गरबा खेलकर पंडाल पर नजर रखी और फिर अपनी कार्रवाई शुरू की। दशहरा मैदान और सामाजिक न्याय परिसर के गरबे में कुछ युवक महिलाओं के बीच घुसकर गरबा करने की कोशिश कर रहे थे, इनको पंडाल से बाहर निकाल गया। कुछ युवक मोबाइल में युवतियों के फोटो-वीडियो ले रहे थे, उनसे यह डिलीट करवाए गए।
राजाराम रिसोर्ट से नहीं मिला वाहन एफआरवी ने घर तक पहुंचाया
उज्जैन। इंदौर-उन्हेल बायपास पर स्थित राजाराम रिसोर्ट में गरबा करने गईं तीन युवतियां रात में वाहन के लिए भटकती रहीं। वाहन नहीं मिलाने से परेशान युवतियों ने यहां से गुजर रही एफआरवी (फास्ट रिस्पांस व्हीकल)- २३ को रोका और अपनी परेशानी बताई। ड्राइवर ने तीनों को अपने वाहन में बैठाकर घर तक छोड़ा।









