रोजाना 15 किमी चलकर पहुंचेंगे 65 दिन में अयोध्या

चार दिन उज्जैन जिले में रहेंगे दिग्विजय सिंह, पार्थिव शिवलिंग बनाएंगे, चिंतामन मंदिर में दर्शन कर शुरू करेंगे यात्रा
चंदा और वोट चोरी को लेकर 20 से शुरू होगी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। करीब 9 साल पहले मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह एक बार फिर लंबी यात्रा पर निकलने वाले हैं। वे 20 अक्टूबर को उज्जैन से चंदा-वोट चोरी को लेकर सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू करेंगे। एक दिन में 15 किलोमीटर पैदल चलने का लक्ष्य उन्होंने तय किया है। 930 किलोमीटर की यह यात्रा 65 दिन में पूरी होने की संभावना है। शुक्रवार को यात्रा कार्यक्रम के लिए बालाजी गार्डन में भूमिपूजन किया गया। सिंह 18 अक्टूबर की रात शहर पहुंचेंगे। वे 21 अक्टूबर तक उज्जैन जिले में रहेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने बताया कि सिंह विजयादशमी के दिन उज्जैन से अयोध्या तक की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। सुबह वे सबसे पहले चिंतामन गणेश मंदिर में दर्शन करेंगे। यात्रा के शुभारंभ से पहले बालाजी गार्डन में पार्थिव शिवलिंग निर्माण किया जाएगा।
इनके पूजन के बाद भंडारा होगा फिर यात्रा शुरू होगी। सिंह बालाजी गार्डन से श्री महाकालेश्वर मंदिर जाएंगे। यहां से महाकाल चौराहा, गुदरीबाजार, पटनीबाजार, कमरी मार्ग, मिर्जा नईमबेग मार्ग, तेलीवाड़ा, कंठाल चौराहा, कोयलाफाटक होते हुए साईकुंज पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम उनका यहीं होगा। 21 अक्टूबर को सुबह यात्रा का शुभारंभ साईकुंज से होगा। यहां से यात्री सिंदूरिया के रास्ते तराना की तरफ जाएंगे। वहां से करेड़ी माता होते हुए शाजापुर पहुुंचेंगे।
तिरंगा और पचरंगा ध्वज लेकर चलेंगे
930 किलोमीटर लंबी यात्रा में शामिल होने के लिए अब तक १५ हजार रजिस्ट्रेशन हुए हैं। हर यात्री दो तरह के झंडे रखेगा।पहला राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और दूसरा धर्म ध्वज पचरंगा। पचरंगेे में शामिल लाल रंग शक्ति, पीला ज्ञान, काला तप, सफेद सत्य और हरा रंग प्रकृति का प्रतीक है।
यात्रा का ध्येय वाक्य
यात्रा का ध्येय वाक्य यतो धर्मस्ततो जय: रहेगा। यह सुप्रीम कोर्ट में प्रयुक्त होता है।
उज्जैन में यात्रा मार्ग
बालाजी गार्डन से शुरुआत। बड़ा गणेश मंदिर चौराहा, महाकालेश्वर मंदिर चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कमरी मार्ग चौराहा, टंकी चौराहा, मिर्जा नईम बेग मार्ग, तेलीवाड़ा चौराहा, कंठाल चौराहा, निजातपुरा, कोयला फाटक, नगर निगम के सामने, गाड़ी अड्डा चौराहा, दरगाह मंडी और कानीपुरा रोड होते हुए श्री सांई कुंज कॉलोनी कानीपुरा रोड पहुंचेगी। यहां रात्रि भोजन और विश्राम रहेगा।
यूं जुड़ सकते हैं
टोल फ्री नंबर 8982121282 पर कॉल कर पदयात्रा से जुड़ सकते हैं।









