ढाई साल की बेटी की मौत, शव से लिपटकर बिलखते रहे पिता

रतलाम। रतलाम के पलसोड़ी गांव में कुत्ते के हमले में जान गंवाने वाली ढाई साल की मनीषा का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम हुआ। इसके बाद पिता राजू भाभर बेटी का शव गोद में लेकर सीने से लगाए बिलखते रहे। करीब एक महीने पहले ही वह पत्नी के साथ मजदूरी करने अजमेर गए थे। मनीषा को दादा-दादी के पास छोड़ गए थे। उन्हें क्या पता था कि अब बेटी से इस तरह बिछडऩा पड़ेगा।
दोपहर 12 बजे पिता और अन्य परिजन शव वाहन से मनीषा का शव लेकर गांव रवाना हुए। इस दौरान बच्ची का खेलते हुए एक वीडियो भी सामने आया। इसमें वह खुशी से नाचती-दौड़ती और ‘मामा के घर जाऊंगी’कहती सुनाई दे रही है।
घटना गुरुवार शाम की है। मनीषा घर के आंगन में खेल रही थी, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। परिजन उसे रतलाम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रात में शव मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया।
परिजनों के मुताबिक, मनीषा का वीडियो राखी के समय का है। इंस्टाग्राम रील के लिए बनाए गए वीडियो में वह एक गीत पर खुशी से नाच रही है। इसमें वह ‘मामा के घर जाऊंगीÓ कहते हुए सुनाई देती है। बेटी की मौत की खबर मिलने पर माता-पिता देर रात अजमेर से रतलाम पहुंचे। मोबाइल में बेटी का वीडियो देखकर पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए। कुत्ते ने सिर व पीठ पर नोचा था, जिससे मासूम की मौत हो गई थी। कुत्ते ने सिर व पीठ पर नोचा था, जिससे मासूम की मौत हो गई थी।
शोर सुनकर पहुंचे दादा-दादी, पड़ोसियों ने कुत्ते को भगाया
घटना के समय मनीषा के दादा-दादी घर के पास खेत में थे। शोर सुनकर वे पहुंचे, तब तक पड़ोसियों ने कुत्ते को भगा दिया था। कुछ ग्रामीणों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह खेतों की ओर भाग गया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुत्ते ने बच्ची को नोचने के बाद आंगन में बंधी गाय और रास्ते में एक भैंस को भी नोचा था।
शव लपेटने के लिए परिजनों से मंगाया कपड़ा और प्लास्टिक
मेडिकल कॉलेज में पिता राजू भाभर पूरे समय नंगे पैर रहे। बेटी की मौत से वह खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम कक्ष के कर्मचारियों ने शव लपेटने के लिए उनसे प्लास्टिक और सफेद कपड़ा मंगवाया। बाद में कर्मचारियों ने कपड़ा अपने पास रख लिया और शव को प्लास्टिक में रखकर कंबल से लपेट दिया। इसके बाद टेप लगा दिया।
पत्नी के साथ गए थे अजमेर
राजू ने बताया कि उनकी शादी 2021 में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गेमनपुरा सेमलिया क्षेत्र में हुई थी। बेटी का जन्म 29 अप्रैल 2024 को हुआ था। करीब एक महीने पहले वह पत्नी के साथ मजदूरी करने अजमेर गए थे। मनीषा को दादा-दादी के पास छोड़ गए थे, जो उसका ध्यान रखते थे।
ग्रामीण बोले- कोई हाल जानने नहीं आया
पड़ोसियों ने बताया कि गांव के पास से 8 लेन एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। घटना के समय शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंचे थे। बच्ची की हालत देखकर वह परिजनों के साथ उसे तुरंत रतलाम लेकर आए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि घटना के बाद कोई जिम्मेदार व्यक्ति गांव में हाल जानने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों में डर का माहौल है।









