केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का 76 वर्ष की उम्र में निधन

एक सप्ताह से चल रहा था इलाज, वेंटिलेटर पर थीं भर्ती
पैतृक गांव जैत में आज दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार, केंद्रीय मंत्री ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं। पिछले एक सप्ताह से उन्हें सांस संबंधी परेशानी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के अनुसार, स्वर्गीय काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया जाएगा।
मां के निधन से शिवराज सिंह चौहान ने रद्द किए कार्यक्रम
काशीबाई के निधन की खबर मिलते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए। उन्हें शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन मां के निधन के कारण अब वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उनके आगामी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
बचपन में मां को खो दिया था शिवराज ने
शिवराज सिंह चौहान की पहली मां का नाम सुंदरबाई था। बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की देखभाल के लिए उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरी शादी की थी। काशीबाई ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों का पालन-पोषण किया।
शिवराज सिंह चौहान के चार भाई-बहन हैं। इनमें नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं, काशीबाई के एक बेटे वरुण सिंह चौहान हैं, जो पेशे से वकील हैं।
भोपाल के साकेत नगर में रहती थीं काशीबाई
काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में रहती थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। सांस लेने में परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था। यहां करीब एक सप्ताह तक उनका उपचार चला। हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।









