वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर करने पर भड़के आकाश चोपड़ा

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सूर्यवंशी को तभी मौका मिलेगा, जब टीम का कोई खिलाड़ी चोटिल होगा या खेलने के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा?
दरअसल, ईशान किशन चोट से उबरने के बाद चौथे टी-20 में टीम इंडिया में लौटे थे। उनकी वापसी के बाद वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ा। सूर्यवंशी ने ईशान की गैरमौजूदगी में दूसरे और तीसरे टी-20 मुकाबले में खेला था। ऐसे में उन्हें बाहर किए जाने पर आकाश चोपड़ा ने टीम की रणनीति पर सवाल उठाए हैं।
आकाश चोपड़ा ने पूछा- सूर्यवंशी को कब मिलेगा मौका?
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर कर इस फैसले पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पिछले मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने शतक लगाया था, जबकि वैभव सूर्यवंशी भले ही अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी अच्छी रही थी। चोपड़ा के मुताबिक, ईशान किशन के फिट होकर लौटने पर टीम के सामने यह सवाल था कि प्लेइंग-11 से किस खिलाड़ी को बाहर किया जाए। नियम के हिसाब से वैभव को बाहर करना सही लग सकता है, क्योंकि उन्होंने चोटिल ईशान की जगह टीम में प्रवेश किया था। हालांकि, यह सीरीज का ऐसा मुकाबला नहीं था, जिसका नतीजा पूरी सीरीज का रुख तय करता। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वैभव को लगातार खेलने का मौका नहीं दिया जाना है, तो फिर उनके भविष्य को लेकर टीम मैनेजमेंट की योजना क्या है?

घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी
आकाश चोपड़ा ने वैभव सूर्यवंशी के भविष्य को लेकर भी अहम बात कही। उन्होंने कहा कि अगर युवा बल्लेबाज को भारतीय टीम में नियमित मौके नहीं मिल रहे हैं, तो उसे घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए। खासकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलने से उसे अपने खेल को और बेहतर बनाने का मौका मिलेगा। चोपड़ा का मानना है कि किसी युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के बाद उसकी भूमिका भी स्पष्ट होनी चाहिए। सिर्फ किसी खिलाड़ी की चोट या गैरमौजूदगी के कारण मौका देना उसके करियर के लिए सही रणनीति नहीं है।
यह भी पढ़े: टीम इंडिया के गेंदबाजों से कहां हुई चूक? आंकड़ों ने खोली पोल
टीम मैनेजमेंट से मांगा वैभव का रोडमैप
पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय टीम मैनेजमेंट से वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपना रोडमैप साफ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टीम को बताना चाहिए कि युवा बल्लेबाज को लेकर उसकी लंबी अवधि की योजना क्या है। चोपड़ा के मुताबिक, संभव है कि मैनेजमेंट ने वैभव के लिए कोई योजना बनाई हो, लेकिन अभी तक यह बात सामने नहीं आई है। ऐसे में खिलाड़ी और क्रिकेट फैंस दोनों के मन में उसकी टीम में भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।









