पांच थाना क्षेत्र में पकड़ाया गांजा और एमडी फरार वारंटियों की धरपकड़ भी तेज

ऑपरेशन प्रहार : मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ पुलिस ने छेड़ा अभियान
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नशे के खिलाफ शुरू किए गए पुलिस के ऑपरेशन प्रहार में कार्रवाई तेज हो गई है। पांच थाना क्षेत्र में गांजा और एमडी पकड़ी गई है। एनडीपीएस मामलों के फरार आरोपियों की धरपकड़ भी तेज कर दी गई है।
दरअसल, पीएचक्यू ने मादक पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार शुरू किया है। उज्जैन पुलिस भी इसके तहत कार्रवाई कर रही है। नानाखेड़ा, नागझिरी, पंवासा, महाकाल एवं खाचरौद पुलिस ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की और 5 आरोपियों को 2.655 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
पंवासा में 1.298 किलोग्राम गांजा जब्त: पंवासा पुलिस ने पाण्ड्याखेड़ी ब्रिज के नीचे गांजा लेकर खड़े २१ साल के अंकित मंडोर को गिरफ्तार किया है। मक्सीरोड की विनायक पार्क कॉलोनी के रहने वाले अंकित से १.298 किलो गांजा जब्त हुआ है। इसकी कीमत १5 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
महाकाल में पकड़ा गया मोइन
महाकाल पुलिस ने मौलाना मौज की दरगाह की सीढिय़ों के पास से पंचकुआ शकरपुर निवासी मोइन को पकड़ा है। उससे १२२ ग्राम गांजा मिला है।
नागझिरी पुलिस ने जमालपुरा के रहने वाले 42 साल के कमल सिंह चंदावत को हिरासत में लिया है। उससे एमडी जब्त हुई है। यह एमडी पाउडर की जगह गोली के रूप में थी। हर गोली का वजन 0.42 ग्राम है। कुल 4.69 ग्राम एमडी ड्रग्स की कीमत 46,000 रुपए आंकी गई है।
नानाखेड़ा पुलिस ने जब्त किया गांजा: नानाखेड़ा पुलिस ने इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से 35 साल के ईश्वर बारवासी को पकड़ा है। आनंदनगर के रहने वाले ईश्वर से 130 ग्राम गांजा जब्त किया गया है।
खाचरौद में भी पकड़ा गया 85 साल का गांजा तस्कर: खाचरौद पुलिस ने भाटखेड़ी रोड रेलवे पुलिया के पास से 85 साल के छोटू शाह को पकड़ा है। पुराने बस स्टैंड के पास के निवासी छोटू के कब्जे से 1.100 किलो गांजा बरामद किया गया है।
नीलगंगा थाने में फरार इनामी वारंटी भी गिरफ्तार: नीलगंगा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में 2 साल से फरार 10 हजार रुपए के इनामी पंवासा निवासी युनूस को गिरफ्तार किया है। 2021 में वह मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया था। जमानत 2024 में जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया था। उस पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।









