Popup Image
Advertisement

माखन भोग रेस्टोरेंट के किचन में गंदगी और लापरवाही, लाइसेंस पर लटकी तलवार

उज्जैन। दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच तेज कर दी है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे विभाग की टीम ने होटल सॉलिटेयर स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में कई अनियमितताएं सामने आईं। रोटी और चपाती पर बटर की जगह वेजिटेबल फैट स्प्रेड का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, सब्जियों के स्टोर रूम के नीचे फूड वेस्ट चेंबर बना मिला, जहां से दुर्गंध आ रही थी।

Advertisement

सब्जियों के स्टोर रूम के नीचे मिला वेस्ट चेंबर

निरीक्षण के दौरान टीम को स्टोर रूम में आलू, प्याज और अन्य सब्जियां रखी मिलीं। इसी स्टोर रूम के ठीक नीचे फूड वेस्ट चेंबर बना हुआ था। यहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। अधिकारियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई। किचन में साफ-सफाई की कमी और खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण में लापरवाही भी सामने आई।

Advertisement

बटर की जगह वेजिटेबल फैट स्प्रेड का इस्तेमाल

जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट में रोटी और चपाती पर बटर के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड (न्यूट्रलाइट) का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसमें वेजिटेबल ऑयल और बटर फ्लेवर होता है। इसके अलावा डीप फ्रीजर में रखी दाल और चावल के संबंध में संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इनके पुराने होने की आशंका पर टीम ने मौके पर ही दाल और चावल नष्ट करवा दिए।

Advertisement

तेल, बटर और पनीर के सैंपल लिए

किचन में आलू बड़े तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तेल की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने बटर, तेल और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई से जुड़ी खामियों को गंभीरता से लिया।

रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने की तैयारी

खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे टीम औचक निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जांच में कई अनियमितताएं मिली हैं। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।

खाद्य विभाग के अनुसार, दिवाली तक शहर के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में जांच अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें