पहचान छिपाकर नाबालिग से रेप

तनवीर ने तन्नु नाम बताया, जबरन घर में घुसा
रतलाम। रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया कि तनवीर अब्बासी ने अपनी पहचान छिपाकर उसे अपना नाम तन्नु बताया और उससे संपर्क बढ़ाया। 1 नवंबर को घर में अकेला पाकर वह जबरन अंदर घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती के शोर मचाने पर उसका भाई और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 2 नवंबर को उसे जेल भेज दिया गया।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले वह जामफल के खेत में काम करने जाती थी। इस दौरान एक युवक वहां आता-जाता था और उसका पीछा करता था। युवक ने रास्ते में रोककर उससे बात करने और मिलने की इच्छा जताई। युवती ने उसे पीछा करने से मना किया, लेकिन इसके बाद भी वह संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
युवती के मुताबिक, युवक ने अपना नाम तन्नु बताया और उसे मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। युवक उसे मिलने के लिए बुलाता था, लेकिन वह उससे मिलने नहीं गई।
घर में घुसकर वारदात करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 1 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवक ने युवती को फोन कर मिलने बुलाया। उसके नहीं जाने पर वह कुछ देर बाद उसके घर पहुंच गया। उस समय युवती घर में अकेली थी। आरोप है कि युवक घर के दरवाजे से अंदर आया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने युवती के साथ जबरदस्ती की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
भाई और पड़ोसी ने आरोपी को पकड़ा
युवती के शोर मचाने पर उसका भाई घर के पीछे वाले दरवाजे से अंदर पहुंचा। उसे देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन भाई और पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम तनवीर पिता रफीक अब्बासी, निवासी बिरियाखेड़ी, रतलाम बताया। इसके बाद युवती ने परिजनों के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
थाना प्रभारी अमित कोरी के मुताबिक, पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी तनवीर अब्बासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 332(बी), 351(3), पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने 2 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









