कार्बाइड गन व कार्बाइड लैंप का उपयोग नहीं होने दें: सीएम यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर्व को देखते हुए प्रदेशभर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाई जाए, लेकिन इस दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और प्रतिबंधित पटाखों के साथ कार्बाइड गन व कार्बाइड लैंप का उपयोग भी नहीं होने दिया जाए।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दीपावली के साथ यह किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण समय है। प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहे। किसानों को खाद-उर्वरक या अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी हुई तो संबंधित जिले के कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे।









