4 दिन में पकड़े गए 226 नीलगाय और ब्लैक बग

हेलिकॉप्टर बोमा से नीलगाय पकडऩे का अभियान जिले में रहा सफल
पहली बार सारे वन्यजीव गांधीसागर में सुरक्षित ट्रांसफर
अक्षरविश्व न्यूज उज्ज्जैन। हेलिकॉप्टर बोमा से नीलगाय पकडऩे का रेस्क्यू अभियान जिले में सफल रहा। तीन जगह बोमा लगाया गया और चार दिन में 226 नीलगाय और ब्लैक बग(कृष्ण मृग) पकड़े गए। बुधवार को उज्जैन की टीम का हौसला बढ़ाने के लिए राज्य की मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक समिता राजौरा पहुंची। अभियान की खास बात यह रही कि उज्जैन और शाजापुर से पकड़े गए सभी वन्यजीवों का मंदसौर के गांधीसागर अभयारण्य में सफल ट्रांसफर हो गया। उज्जैन से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित गांधीसागर पहुंचने तक एक भी वन्यजीव की मौत नहीं हुई।
शाजापुर में हेलिकॉप्टर बोमा करने वाली साउथ अफ्रीकन टीम 31 अक्टूबर को उज्जैन पहुंची थी। उज्जैन के सर्वाधिक प्रभावित पांच गांव दताना-मताना, ताजपुर, केसूनी, ब्रजराजखेड़ी और हासामपुरा में रेस्क्यू अभियान चलना था। पहले दिन ब्रजराजखेड़ी में खेतों के किनारे पर बोमा बनाकर राबिनसन-44 हेलिकॉप्टर से नीलगाय पकडऩे की कोशिश की गई थी। छोटा बोमा होने से नीलगाय बोमा से बचकर खेतों को फांदकर निकल गई थीं। सिर्फ दो को ही पकड़ा जा सका था। पहले दिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर दूसरे दिन केसूनी में बोमा लगाया गया था।
365 बीघा में फैली बीड़ से पकड़ी गईं 136 नीलगाय,7 कृष्ण मृग
केसूनी में 2 नवंबर को बोमा किया गया था। यहां राबिनसन हेलिकॉप्टर को खासी सफलता मिली। 3 घंटे की उड़ान में राबिनसन 120 नीलगाय और एक ब्लैक बग को बोमा में घेरने में कामयाब रहा। टीम ने 3 नवंबर को इस बीड़ से 16 नीलगाय और 6 ब्लैक बग पकड़कर गांधीसागर रवाना किए। यहां से कुल 143 वन्यजीवों को घेरने में सफलता मिली।
पिपल्याबीछा मे पकड़े गए 81 वन्यजीव
बुधवार को टीम ने पिपल्याबीछा में बोमा लगाया। दिनभर में राबिनसन ने उड़ान भरकर 81 वन्यजीवों को घेरने में कामयाबी हासिल की। चार दिन में टीम ने 226 वन्यजीव पकड़े और इन सभी को गांधीसागर ट्रांसफर कर दिया गया।
समिता राजौरा पहुंचीं पीठ थपथपाने
उज्जैन की डीएफओ रह चुकीं और अब राज्य की मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा टीम की पीठ थपथपाने पहुंचीं। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल अफसरों-कर्मचारियों, एक्सपर्ट और ग्रामीणों की सहयोग के लिए सराहना की।
दक्षिण अफ्रीकन टीम लौटी
वन्यजीवों के रेस्क्यू का अभियान दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्युशंस ने अंजाम दिया है। टीम ने शाजापुर और उज्जैन में सफलतापूर्वक अभियान चलाया। शाजापुर में 1594 और उज्जैन में 226 वन्यजीव टीम ने पकड़े। इनमें 219 नीलगाय और 7 ब्लैक बग है। टीम का वीसा 7 नवंबर तक ही है और वह उज्जैन से रवाना हो गई है।









