ढाबे पर खाना लेने गया पति, पत्नी ने लगाई फांसी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

अक्षरविश्व न्यूज देवास। शिप्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बूढ़ी बरलाई में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति पत्नी के लिए ढाबे से खाना लेने गया था। इसी दौरान घर में महिला द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली। वहीं, मायके पक्ष ने पति पर मारपीट और हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आशा और उसके पति प्रमोद राव दीपावली के अवसर पर धार जिले के सादलपुर स्थित मायके गए थे। मंगलवार शाम दोनों शिप्रा लौटे। पति प्रमोद के मुताबिक, रास्ते में गांजे के नशे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन घर पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। रात में आशा ने भूख लगने पर ढाबे से खाना लाने को कहा। प्रमोद खाना लेने गया था, तभी रिश्तेदारों का फोन आया कि आशा ने फांसी लगा ली है।
प्रमोद ने बताया कि वह घटना वाले दिन गांजे का सेवन किए हुए था। करीब पांच साल पहले वह पाउडर के रूप में ड्रग्स भी लेता था, लेकिन शादी के बाद इसे छोड़ दिया था। उसने पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात स्वीकार की, लेकिन मारपीट और हत्या के आरोपों से इनकार किया। उसके अनुसार, वह अपनी मां के साथ शिप्रा क्षेत्र में हलवाई का काम करता है और पिछले कुछ समय से एक फ्लिपकार्ट कंपनी में भी काम कर रहा था।
आशा की बहन टीना ने आरोप लगाया कि प्रमोद नशे का सेवन करता था और इसी बात को लेकर आशा के साथ अक्सर विवाद और मारपीट करता था। टीना के अनुसार, आशा ने पहले भी दो बार पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि आशा को पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिप्रा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पति के बयान, मायके पक्ष के आरोपों और घटना के समय की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही आशा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शाम को बेटी से हुई थी बात
आशा के पिता प्रकाश सादलपुर से जिला अस्पताल देवास पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस समय आशा ने घर पहुंचने की जानकारी दी थी। बाद में रात में उसके फांसी लगाने की सूचना मिली। पिता ने भी बेटी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
आशा के जीजा लोकेश कटारिया ने बताया कि रात करीब 10 बजे प्रमोद का फोन आया था। वह रोते हुए आशा के चले जाने की बात कह रहा था। सूचना मिलने पर परिजन उज्जैन से अस्पताल पहुंचे, जहां आशा स्ट्रेचर पर थी।
नशा छोडऩे के लिए समझाती थी
प्रमोद की मां ने बताया कि आशा के साथ उनका मां-बेटी जैसा संबंध था और उनके बीच कभी विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रमोद पहले नशे का सेवन करता था, जिसे लेकर घर में विवाद होते थे। आशा उसे नशा छोडऩे के लिए समझाती थी और इस संबंध में उन्हें भी फोन करती थी। उनके अनुसार, प्रमोद ने पिछले दो महीनों से नशा करना बंद कर दिया था।








