टीआई हत्याकांड : शराब तस्करी के सरगना राहुल की 3 बसें जब्त

देवास। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस की जांच अब शराब तस्करी के नेटवर्क की आर्थिक ताकत और कारोबारी कनेक्शन तक पहुंच गई है। बुधवार को कथित नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें अलग-अलग स्थानों से जब्त की गईं। बिजवाड़, कांटाफोड़ और डबल चौकी से बसें जब्त कर पुलिस ने दो को कांटाफोड़ थाने और एक को डबल चौकी में खड़ा कराया है। बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य तक भेजा गया। पुलिस अब बसों के फिटनेस-परमिट से लेकर नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन तक की पड़ताल कर रही है। हालांकि, कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की जांच में कथित शराब तस्करी के नेटवर्क की सप्लाई चेन सामने आने लगी है। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात भेजने से पहले शराब बॉर्डर के पास एक स्थान पर जमा की जाती थी। इसके बाद छोटे-छोटे स्लॉट में आगे सप्लाई होती थी। पुलिस अब गुजरात में शराब खरीदने वालों के साथ कथित पार्टनर और फाइनेंसर मोहिन जायसवाल की तलाश करेगी। जांच के लिए कुछ टीमें गुजरात भेजने की तैयारी है।
टिमरनी के तीन ठेकों का हिसाब भी खुलेगा
नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल, मध्यस्थता कराने के आरोप में इंदौर के वकील विजय राव और वाहन उपलब्ध कराने वाले केरम सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस उनसे शराब की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। हरदा जिले के टिमरनी में संचालित तीन शराब ठेकों के स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, पार्टनर्स के बीच लेनदेन और बैंक खातों की जांच के लिए भी टीमें भेजी जाएंगी। पुलिस तस्करी के वित्तीय स्रोतों और पूरे कारोबार में जुड़े लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अभिरक्षा से भागे दोनों आरोपी घायल.
हत्याकांड के आरोपी आयशर वाहन चालक गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू और उसके सहयोगी धीरज मंडलोई को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अभिरक्षा से भागने के दौरान पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर किया गया। गजेंद्र पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। घटना के बाद से फरार गजेंद्र बुधवार को बरोठा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। वहीं, धीरज पर बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश का आरोप है।









