Popup Image

स्वच्छता में देवास का देशभर में डंका, 3 लाख तक आबादी वाले शहरों में नंबर-1

राष्ट्रपति ने मंच पर महापौर, सभापति व आयुक्त को किया सम्मानित

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज देवास। स्वच्छता के क्षेत्र में देवास ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान कायम करते हुए इतिहास रच दिया है। स्वच्छता सर्वेक्षण में 1 से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देवास को सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने एक बार फिर देवास की स्वच्छता व्यवस्था, जनभागीदारी और नगर निगम के प्रयासों को देश के सामने मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया है। अवार्ड मिलने की खुशी में बुधवार शाम को नगर निगम परिसर में आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

इस उपलब्धि पर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने खुशी जाहिर करते हुए इसे पूरे देवास का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र और स्वच्छता अभियान से जुड़े हर व्यक्ति के परिश्रम का परिणाम है। कचरे के स्रोत पर पृथक्कीकरण, घर-घर कचरा संग्रहण, गार्बेज फ्री सिटी की कार्ययोजना और 3 आर मॉडल को नागरिकों ने जिस तरह अपनाया, उसी का परिणाम है कि देवास को देश में पहला स्थान मिला है। यह सम्मान सफाई मित्रों के पसीने और नागरिकों की जागरूकता का प्रतीक है।

Advertisement

सभापति रवि जैन ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों, निगम परिवार और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ओडीएफ प्लस-प्लस और वॉटर प्लस का दर्जा हासिल करने के बाद स्वच्छता सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना देवास की निरंतर प्रगति का प्रमाण है। यह सामूहिक प्रयास और टीम भावना से किए गए कार्यों का परिणाम है।

विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि निगमायुक्त दिलीप कुमार के नेतृत्व में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई नवाचार किए गए। इनमें वार्डवार स्वच्छता व्यवस्था की नियमित समीक्षा, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के रूट और कार्यों की निगरानी, स्वच्छता निरीक्षकों एवं दरोगाओं की जवाबदेही तय करना, शिकायतों का त्वरित निराकरण और सर्वेक्षण के निर्धारित मापदंडों के अनुसार विभागीय मूल्यांकन प्रमुख रहे। इन प्रयासों से स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार हुआ।

Advertisement

कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से लेकर प्लास्टिक मुक्त अभियान तक
निगमायुक्त दिलीप कुमार ने इस सफलता का श्रेय शहरवासियों के सहयोग, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और नगर निगम की पूरी टीम को दिया। उन्होंने बताया कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था, सफाई मित्रों को पीपीई किट, स्वास्थ्य परीक्षण और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने जैसे कार्य प्राथमिकता से किए गए। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और उपचारित जल के पुन: उपयोग के माध्यम से हरित देवास की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के प्रयास किए गए।

जनभागीदारी को बनाया अभियान की ताकत
स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और नुक्कड़ नाटक किए गए। रहवासी संघों एवं व्यापारिक संगठनों को अभियान से जोड़ा गया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए गए। निगमायुक्त ने कहा कि इन सभी प्रयासों में शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महापौर, सभापति और निगमायुक्त ने संयुक्त रूप से कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान देवास के लिए गौरव के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस उपलब्धि को बनाए रखने और स्वच्छता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए नगर निगम आगे भी निरंतर प्रयास करता रहेगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें