स्कूल वैन का कांच तोड़कर अंदर घुसे लोहे के पाइप, बच्ची गंभीर घायल

चेरीताल चौक पर मिनी ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, कई बच्चों को आई चोट; स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
जबलपुर। जबलपुर के चेरीताल चौक पर शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। लोहे के पाइप से लदे मिनी ट्रक ने बच्चों से भरी स्कूल वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में रखे लोहे के पाइप वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए अंदर घुस गए और बच्चों को जा लगे। हादसे में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कुछ अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने वैन से बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर लार्डगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पीछे से मिनी ट्रक ने मारी टक्कर, अंदर घुसे पाइप
प्रत्यक्षदर्शी अनुराग शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार दोपहर चेरीताल चौक पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान बच्चों से भरी स्कूल वैन वहां आकर रुकी। कुछ देर बाद जैसे ही वैन आगे बढ़ी, पीछे से आए लोहे के पाइप से लदे मिनी ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कई पाइप वैन का कांच तोड़कर अंदर घुस गए। कुछ पाइप सड़क पर भी गिरकर फैल गए।
बच्ची के चेहरे, कंधे और हाथ में गंभीर चोट
हादसे में एक बच्ची के चेहरे, कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। चोट लगने से उसके शरीर से खून निकलने लगा। अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद बच्चे डरकर रोने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
ओवरलोड और तेज रफ्तार का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिनी ट्रक में क्षमता से अधिक लोहे के पाइप भरे हुए थे और उसकी रफ्तार भी काफी तेज थी। हादसे के बाद लार्डगंज थाना पुलिस ने मिनी ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









