उद्यन मार्ग पर नालियों का काम धीमा, लगी 10 लाख की पेनल्टी

उज्जैन। घासमंडी-उद्यन मार्ग चौड़ीकरण के काम में नाली निर्माण की धीमी गति ने निगमायुक्त अभिलाषा मिश्रा का पारा चढ़ा दिया और निर्माण एजेंसी जिंदल कंस्ट्रक्शन पर दस लाख की पेनल्टी लगा दी।शनिवार को आयुक्त ने दो सड़कों का काम देखा। दूसरे में काम की गति ठीक मिली।
दरअसल, सांदीपनि चौराहा(घासमंडी) से उद्यन मार्ग तक की सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। यह काम करीब एक साल से चल रहा है। डामर से बनने वाली इस सड़क में बड़ा काम नालियों का निर्माण, पोल शिफ्टिंग और किनारों के अर्थवर्क का है। तीनों कामों में यह सड़क पिछड़ी हुई है। नालियां अधूरी बनी हैं और कई जगह तो नियम से हटकर भी हैं। इसी तरह पोल शिफ्टिंग भी पूरी तरह नहीं हो पाई है। कई जगह अर्थवर्क हो गया है और कई जगह बाकी है।
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने काम की गति धीमी देखकर नाराजगी जताई और निर्माण एजेंसी पर 10 लाख का जुर्माना लगा दिया। यहां से निगमायुक्त गेल से नीलगंगा चौराहा तक सड़क देखने पहुंचे। यहां काम की गति ठीक है। निगमायुक्त ने फिर भी ठेकेदार को समय सीमा में क्वालिटी अनुसार काम करने का कहा है।









