सिंहस्थ की तैयारी : कमिश्नर-कलेक्टर ने देखा केटीएम चौराहा नीलगंगा चौराहा रोड

अचानक जांच करने पहुंचे थे, निर्देश भी दिए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्रशासन का अब पूरा फोकस सिंहस्थ प्रोजेक्ट पर है। कमिश्नर-कलेक्टर ने सोमवार को केटीएम चौराहा से नीलगंगा चौराहे तक चल रहे चौड़ीकरण काम को देखा। दोनों अचानक जांच करने पहुंचे थे।
दरअसल, सिंहस्थ के विकास एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के मकसद से निर्माणाधीन कार्यों का नियमित मुआयना किया जा रहा है। सोमवार को संभाग आयुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। संभाग आयुक्त ने अफसरों को निर्देश दिए कि शांति नगर की ओर से पुलिया को आपस में व्यवस्थित रूप से जोड़ें ताकि मार्ग का निर्माण सुचारु रूप से पूर्ण हो सके।
उन्होंने मार्ग के नाले पर बनी संरचना को हटाकर दोनों ओर नालियों का निर्माण करने तथा कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। मार्ग चौड़ीकरण कार्य में अतिरिक्त संसाधन एवं आवश्यक मशीनरी लगाकर कार्य की गति बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा हो सके।
इस दौरान अपर मेला अधिकारी सुश्री दृष्टि जायसवाल, ओमप्रकाश सनोडिया सहित संबंधित अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित थे।









