1500 रुपए में भस्म आरती की कंफर्म बुकिंग का दावा, शिक्षक समेत दो गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। पिछले दिनों महाकाल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर भस्म आरती की कंफर्म बुकिंग का विज्ञापन डालने वाले मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ केस दर्ज किया था। उसे पकडक़र साथी के बारे में पूछताछ के बाद दोनों बदमाशों को रिमांड पर लिया गया है।
टीआई गगन बादल ने बताया कि भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती, चांदी गेट से दर्शन का विज्ञापन सोशल मीडिया पर चलाने के मामले में केस दर्ज कर मोबाइल नंबर धारक की तलाश की गई। सायबर सेल की मदद से उक्त मोबाइल की लोकेशन गाजियाबाद उत्तरप्रदेश मिली। वहां से शिक्षक निशांत शर्मा को गिरफ्तार कर उज्जैन लाए। निशांत ने पूछताछ में दूसरे व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया जिसका नाम स्वराज पिता दिलीप राज पंवार निवासी गीतांजलि कालोनी रतलाम का था। दोनों को कोर्ट में पेश कर 25 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है।
12 लोगों को भस्मार्ती कराना कबूला
स्वराज पंवार ने पुलिस पूछताछ में कबूला कि अब तक १२ लोगों को भस्म आरती करा चुका है। वह प्रति व्यक्ति 1500 रुपये के हिसाब से शुल्क लेता था। सोशल मीडिया के माध्यम से एजेंट भी नियुक्त कर दिये थे। एजेंट प्रति व्यक्ति 2 से 5 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से शुल्क लेते और स्वराज को 1500 रुपये देकर कंफर्म भस्म आरती बुकिंग कराते थे।
पहले स्वयं ने कराई बुकिंग
निशांत शर्मा शासकीय शिक्षक है। कुछ माह पहले वह स्वयं उज्जैन दर्शन करने आया था। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर उसने 1000 रुपये में भस्म आरती की कंफर्म बुकिंग कराई थी। उसके बाद स्वराज से मिला। कमीशन के लालच में निशांत ने विज्ञापन की रील अपने इंस्टाग्राम पर डाली। निशांत ने पुलिस को बताया कि उसे तो सिर्फ कमीशन मिलता था। बुकिंग कौन और कैसे करा रहा है इसकी जानकारी नहीं है।
मंदिर समिति का शुल्क 200
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा मंदिर में बैठकर भस्म आरती देखने का शुल्क २०० रुपये निर्धारित किया गया है। दर्शन की बुकिंग मैन्युअल और ऑनलाइन दोनों प्रकार से होती है जिसमें दर्शनार्थी को अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर आदि की जानकारी देना होती है। मंदिर समिति की वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग में भी २०० रुपये से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता।
कैसे कंफर्म टिकिट होती है इसकी जांच जारी
टीआई बादल ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर है जिनसे पूछताछ की जा रही है कि महाकालेश्वर मंदिर की वेबसाइट अथवा मैन्युअल प्रोसेस के अलावा कौन सा तरीका है जिससे वह लोग भस्म आरती की कंफर्म बुकिंग करते थे। चांदी द्वार तक वीआईपी, वीवीआईपी, प्रोटोकॉल प्राप्त लोग, पुजारी ही पहुंचते हैं फिर उक्त लोग किस तरीके से लोगों को वहां तक पहुंचाकर दर्शन कराते थे।








