एमपीआरडीसी के अफसर ने मांगा 10 दिन का टाइम, लोगों ने रखी तीन मांग

इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन के 30 कॉलोनियों के रहवासियों हो रहे हैं परेशान
सांसद की पहल पर एजीएम मिलने पहुंचे थे
उज्जैन। इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन के कारण रास्ता बंद होने की समस्या से जूझ रहे 30 कॉलोनियों के रहवासियों को सोमवार को एक बार फिर 10 दिन का आश्वासन मिला। इस बार यह आश्वासन एमपीआरडीसी के अफसरों ने दिया है। कॉलोनीवासियों ने अपनी परेशानी बयां करते हुए तीन प्रमुख मांगें रखी थीं। एजीएम प्रतीक शर्मा ने कहा कि वे वरिष्ठ लोगों से चर्चा के बाद ही कुछ कर पाएंगे। इसके लिए उन्हें दस दिन का समय चाहिए।
दरअसल, इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन पर वाहनों की तेज रफ्तार को देखते हुए एमपीआरडीसी ने सर्विस लेन बनाकर मुख्य रास्ता कई जगह से बंद कर दिया है। इस वजह से इंदौर रोड के दोनों तरफ बसी 30 कॉलोनी के रहवासियों के सामने एप्रोच का संकट खड़ा हो गया है। सर्विस लेन से चलने पर उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ा रहा है और इसने कई तरह की मुसीबत पैदा कर दी है। स्कूली बसों ने कॉलोनी मेंं आना बंद कर दिया है और बच्चों को छोडऩे के लिए उन्हें दूर तक चलना पड़ रहा है। सीनियर सिटीजन को भी दिक्कत हो रही है। रविवार को सांसद का घर रहवासियों ने घेरा था और उन्होंने सोमवार को एमपीआरडीसी के अफसरों को बुलाया था। एजीएम प्रतीक शर्मा बात करने पहुंचे थे। उनके सामने रहवासियों ने तीन मांगें रखीं।
महमृत्युंजय द्वार चौराहे पर उचित कट, रोटरी एवं ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था की जाए।
डी-मार्ट के सामने स्थित चौराहे पर भी उचित कट, रोटरी एवं ट्रैफिक सिग्नल स्थापित हो।
इंजीनियरिंग कॉलेज अंडरपास का दूसरा सिरा कॉलेज की ओर बनाया जाए, जिससे आवागमन आसान हो सके।
डिवाइडर से बढ़ी परेशानी
रहवासियों का कहना है कि मार्ग पर डिवाइडर बनने से स्थानीय लोगों का सीधा आवागमन बंद हो गया है। नानाखेड़ा जाने के लिए शांति पैलेस चौराहे से घूमकर जाना पड़ता है। डी-मार्ट के सामने सर्विस रोड से आने-जाने के लिए उचित कट उपलब्ध नहीं है। इसके चलते आसपास की 30 से अधिक कॉलोनियों के लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं और जरूरतों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो करेंगे विरोध
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे अपने स्तर पर आगे की रणनीति तय करेंगे। उनका कहना है कि अब तक समस्या को लेकर कई बार परेशानी बताई जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ तो रहवासी अपने हित में उचित कदम उठाने को मजबूर होंगे। ऐसे में चक्काजाम के साथ डिवाइडर भी तोड़ा जा सकता है।
हमारी मांग वाजिब, पुराना रास्ता चालू करें
हमारी मांग वाजिब है और हम पुराना रास्ता चालू कराना चाहते हैं। हम समस्या का निराकरण चाहते हैं। हमारी एक ही डिमांड है कि आप केवल हमें रास्ता दीजिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो प्रदर्शन होगा, चक्काजाम होगा और जो भी करना होगा, वह करेंगे।
संतोष व्यास, रहवासी
हर हाल में रास्ता चाहिए
हमें हर हाल में रास्ता चाहिए। लंबा रास्ता तय करने से दिक्कत हो रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को । वे हैवी ट्रैफिक वाले रोड को रोज पार कर रहे हैं। हादसे की आशंका है। निराकरण नहीं होगा तो डिवाइडर तोड़ देंगे।
चंदा लावरे, रहवासी
एमपीआरडीसी अफसर ने मांगे 10 दिन
एमपीआरडीसी के एजीएम प्रतीक शर्मा ने रहवासियों को कहा कि सिक्सलेन का प्लान पूरी तरह उचित है। हालांकि, रहवासियों को समस्या आ रही है तो वे कलेक्टर से चर्चा कर निराकरण निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने रहवासियों से 10 दिन का समय भी मांगा और चर्चा कर समस्या का समाधान निकालने की बात की।









