खाचरौद : चिरायता के धूल से बिगड़ी छात्रावास में 21 छात्राओं की तबीयत

उल्टी, जी घबराने जैसी समस्या सामने आई
अस्पताल प्रबंधन को इलाज के निर्देश दिए
अक्षरविश्व न्यूज खाचरौद। खाचरौद तहसील के ग्राम चापाखेड़ा स्थित नेता जी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास की बालिकाओं की सोमवार की शाम अचानक तबीयत बिगडऩे से हड़कंप मच गया। बालिकाओं को अचानक उल्टी और जी घबराने की शिकायत हुई। छात्रावास में 50 बालिका अध्ययन करती हैं, सभी बालिका छठी से आठवीं तक की बताई जा रही हैं। वर्तमान में 49 छात्राएं थीं जिनमें से 21 छात्राओं की तबीयत बिगडऩे पर उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर संजीव कुमरावत के अनुसार छात्रावास के पास खेत में चिरायता नाम की औषधि फसल को मशीन के द्वारा निकाला जा रहा था, जिसकी डस्ट उड़कर छात्रावास में आने से बालिकाओं को इस प्रकार की समस्या हुई है। छात्राओं को चापाखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
जब संख्या बढ़ी तब उन्हें एम्बुलेंस से खाचरौद लाया गया। उन्होंने बताया कि चिरायता की डस्ट सांस के जरिए बालिकाओं के मुंह में जाने से एलर्जी हुई और उल्टी, जी घबराने जैसी समस्या सामने आई। सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य देखी जा रही है। एसडीएम नेहा साहू और थाना प्रभारी धन सिंह नलवाया अस्पताल पहुंचे। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को छात्राओं के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।









