यू ट्यूब पर शेयर मार्केट की रील देखना पड़ा महंगा

अगरबत्ती कारखाना संचालक से एक साल में ठगे 26 लाख रुपए
उज्जैन। फुर्सत के समय में लोग सोशल मीडिया पर रील देखकर टाइमपास करते हैं, इन्हीं रील में कुछ ऐसी भी होती हैं जिनमें उलझकर लोग लाखों रुपए भी गंवा देते हैं। ऐसा ही मामला कोतवाली थाना पुलिस ने दर्ज किया है।
दुर्गेश पिता ब्रजमोहन शर्मा (60) निवासी ब्राह्मण गली अगरबत्ती बनाने व मार्केटिंग का काम करते हैं। 31 जुलाई 2025 को वह सोशल मीडिया प्लेटफार्म यू ट्यूब पर रील देख रहे थे। उसी दौरान एक रील में शेयर मार्केट में इनवेस्ट करने पर लाखों रुपए महीना कमाने की स्कीम उन्होंन देखी और रील पर दिए नंबरों पर संपर्क किया। इसके बाद उनके मोबाइल पर तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे और मुनाफे का झांसा दिया जाने लगा।
फाइनेंशियल एडवाइजर बताकर संपर्क
शर्मा ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति ने अपना नाम करण सुभाष अरोरा बताकर स्वयं को सेबी रजिस्टर्ड फाइनेंशियल एडवाइजर बताया और कहा कि मुनोथ कैपिटल मार्केटिंग लि. अहमदाबाद, मेगम इक्विटी ब्रोकिंग लि. मुंबई के नाम से कंपनी संचालित करते हैं व शेयर मार्केट में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा कमाकर देंगे।
मुनाफा नहीं मिला तो की शिकायत
एक साल तक वडोदरा, जयपुर, लखनऊ सहित अलग-अलग जगह की कंपनी, फर्म, बैंक में रुपए लगाने के बाद भी मुनाफा नहीं मिला तो दुर्गेश शर्मा को शंका हुई। उन्होंने करण से संपर्क किया तो उसने आईपीओ के लिये रजिस्टर्ड नहीं होने की बात कहकर फिर रुपए डलवा लिए। हालांकि उसके बाद भी दुर्गेश को रुपए नहीं मिले। शंका होने पर उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत की, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
25 से अधिक फर्म, बैंक में डलवाए रुपए
दुर्गेश शर्मा को करण सुभाष अरोरा ने वेल्थ सिंगल स्पेस मुनोथ कंपनी के व्हाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप में जोड़ लिया जिसमें शेयर मार्केट में इनवेस्ट के प्लान की जानकारी आती थी। इसी बीच करण ने दुर्गेश से अलग-अलग तरीके से 25 से अधिक फर्म, बैंक में करीब 26 लाख रुपए निवेश करवा लिए। यह सिलसिला एक साल तक चलता रहा।









