Popup Image

सिंहस्थ की तैयारी : भीड़ संभालने के लिए बनेंगे इंदौर के रास्तों पर 9 होल्डिंग एरिया

बेटमा में रहेगा सबसे बड़ा पड़ाव

Advertisement

उज्जैन। 2028 में होने वाले सिंहस्थ को लेकर प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। देशभर से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए इंदौर आने वाले छह प्रमुख रास्तों पर नौ जगह होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। सबसे बड़ा होल्डिंग एरिया बेटमा खुर्द में रहेगा। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने सहित बुनियादी व्यवस्थाएं रहेंगी।

दरअसल, सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे और शहर में भीड़ का दबाव अधिक होने पर इन होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल होगा। इन एरिया में ठहरने वाले श्रद्धालुओं को तभी आगे बढऩे की अनुमति दी जाएगी, जब उज्जैन में स्थिति सामान्य होगी। इससे उज्जैन में एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बड़े स्तर पर पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

Advertisement

6 प्रमुख पर बनेंगे नौ होल्डिंग एरिया

इंदौर प्रशासन ने इंदौर आने वाले रास्तों पर नौ स्थान की पहचान होल्डिंग एरिया के लिए की है।

Advertisement
  1.  इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन- ग्राम खान बड़ोदिया और राजोदा में दो होल्डिंग एरिया होंगे।
  2.  इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड रोड- ग्राम बुढ़ानिया में होल्डिंग एरिया विकसित होगा।
  3.  इंदौर-अहमदाबाद रोड (एनएच-47) बेटमा खुर्द में होल्डिंग एरिया बनेगा।
  4.  तराना-मांगलिया व्यासखेड़ी मार्ग- ग्राम हतुनिया में होल्डिंग एरिया बनेगा।
  5.  आगरा-मुंबई रोड (एनएच-52)- महू की ओर ग्राम भैसलाय और मांगलिया बायपास पर होल्डिंग एरिया विकसित होंगे।
  6.  इंदौर-इच्छावर मार्ग- सिमरोल के पास ग्राम दतोदा में सड़क के दोनों ओर दो होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं को सुविधा
होल्डिंग एरिया से प्रदेश और दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को सुविधा होगी। ओंकारेश्वर, खंडवा, महेश्वर, खरगोन, धार, झाबुआ, बड़वानी, आलीराजपुर, हरदा और नर्मदापुरम सहित कई जिलों से उज्जैन आने वाले श्रद्धालु इन स्थानों पर रुक सकेंगे। इनके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को भी इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यहां हर तरह की बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

ऑनलाइन मिलेगी लोकेशन
इंदौर प्रशासन ने सभी नौ होल्डिंग एरिया की जमीन चिह्नित कर ली है। अब श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और जरूरत के अनुसार ठहरने, भोजन, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन सभी स्थानों की लोकेशन ऑनलाइन रहेगी, ताकि बाहरी श्रद्धालु आसानी से नजदीकी होल्डिंग एरिया तक पहुंच सकें। सिंहस्थ के दौरान इन केंद्रों पर व्यवस्थाओं के संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती भी रहेगी। इसका मकसद उज्जैन में भीड़ का दबाव कम करना, श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाना और सिंहस्थ के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखना है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें