1 दिसंबर को मनेगी भैरव अष्टमी, 2 दिसंबर को भ्रमण पर निकलेंगे बाबा काल भैरव

सवारी मार्ग पर निर्माण कार्यों को समतल करने और प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश
उज्जैन। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में 1 दिसंबर को काल भैरव अष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इसके अगले दिन 2 दिसंबर की शाम भगवान काल भैरव भ्रमण पर निकलेंगे। सवारी को लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीती शाम प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन की बैठक हुई, जिसमें सवारी मार्ग की व्यवस्थाओं से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा तक विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
काल भैरव मंदिर की प्रशासक संध्या मार्कण्डेय ने बताया कि बैठक में 2 दिसंबर को निकलने वाली सवारी की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। निर्माण कार्यों के चलते सवारी मार्ग पर जहां सड़क का काम चल रहा है, वहां सड़क समतल करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सवारी के दौरान परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया।
भैरव अष्टमी के अवसर पर काल भैरव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी होंगे। वहीं, शहर के अन्य भैरव मंदिरों में भी दो दिनों तक धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। विक्रात भैरव मंदिर में भी इस दौरान विशेष आयोजन होंगे। इससे शहर का धार्मिक वातावरण भैरवमय रहेगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भैरव मंदिरों तक पहुंचने की संभावना रहेगी।
शिव के रक्षक स्वरूप की होती है आराधना
मार्गशीर्ष के कृष्ण पक्ष की अष्टमी काल भैरव जयंती के तौर पर मनाई जाती है। इस वर्ष अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को रात 12 बजकर 11 मिनट से प्रारंभ होकर उसी दिन रात 11 बजकर 13 मिनट तक रहेगी। भगवान काल भैरव को भगवान शिव का रौद्र और रक्षक स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन उनकी पूजा-अर्चना करने से भय और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। उज्जैन स्थित काल भैरव मंदिर देश के प्रमुख भैरव तीर्थों में शामिल है, जहां वर्षभर श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जयंती और उसके अगले दिन निकलने वाली सवारी को लेकर इस बार भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहने की उम्मीद है।









