पैसा होने पर भी नहीं खरीद पाएंगे JSW की ये SUV, जानें क्यों?

JSW Motors अपनी पहली SUV Combat के लॉन्च से पहले ही एक खास एडिशन को लेकर चर्चा में है। कंपनी Pioneers 500 Edition के नाम से इस SUV की सिर्फ 500 यूनिट्स पेश करने जा रही है। इसकी खरीदारी सामान्य शोरूम प्रक्रिया से नहीं, बल्कि खास रजिस्ट्रेशन और बिडिंग प्रक्रिया के जरिए होगी। ऐसे में कीमत चुकाने की क्षमता होने के बावजूद हर ग्राहक इसे खरीद सकेगा, इसकी गारंटी नहीं होगी।
कंपनी 3 दिसंबर 2026 को Combat SUV से पर्दा उठाने वाली है। वहीं, Pioneers 500 Edition के लिए आवेदन और बोली प्रक्रिया 28 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इस लिमिटेड एडिशन में खास डिजाइन, मालिक के नाम वाली प्लेट और कई एक्सक्लूसिव सुविधाएं मिलने का दावा किया गया है।
सिर्फ 500 यूनिट्स, बिडिंग से मिलेगी कार
JSW Motors ने Pioneers 500 Edition को बेहद सीमित संख्या में तैयार करने की योजना बनाई है। इस एडिशन की देशभर में सिर्फ 500 यूनिट्स उपलब्ध होंगी। ग्राहक इसे सीधे शोरूम से खरीदने के बजाय कंपनी की तय प्रक्रिया के जरिए हासिल कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन और बिडिंग प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए इच्छुक ग्राहकों को 1 लाख रुपये जमा कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद कंपनी की तय रिजर्व कीमत से अधिक बोली लगानी होगी।
SUV के केबिन में होगा मालिक का नाम
Pioneers 500 Edition को खास बनाने के लिए कंपनी इसमें कई एक्सक्लूसिव फीचर्स देने जा रही है। हर गाड़ी के केबिन में एक खास मेटल प्लेट लगाई जाएगी, जिस पर मालिक का नाम और गाड़ी का यूनिक सीरियल नंबर दर्ज होगा। इसके अलावा SUV के एक्सटीरियर और इंटीरियर में भी खास डिटेलिंग देखने को मिलेगी। ग्राहकों को कंपनी की तरफ से एक विशेष यादगार गिफ्ट यानी कीपसेक भी दिया जाएगा।
मालिकों को मिलेंगी VIP सुविधाएं
Pioneers 500 Edition खरीदने वाले ग्राहकों को गाड़ी के साथ खास सुविधाएं भी दी जाएंगी। कंपनी इन 500 मालिकों के लिए एक एक्सक्लूसिव ओनर कम्युनिटी तैयार करेगी। इस कम्युनिटी के सदस्य JSW Motors के वरिष्ठ नेतृत्व और कंपनी के थिंक टैंक से जुड़ने का अवसर पा सकेंगे। इसके अलावा डेडिकेटेड रिलेशनशिप मैनेजर, प्राथमिकता वाली सर्विस और कंपनी के खास कार्यक्रमों में आमंत्रण जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
बॉक्सी डिजाइन और प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक
JSW Combat SUV के टीजर से इसके बॉक्सी और दमदार डिजाइन की झलक मिलती है। इसे ग्लोबल मॉडल Jetour T2 पर आधारित बताया जा रहा है। SUV में चौड़ी ग्रिल, फ्लैट रूफ, चौकोर व्हील आर्च और पीछे स्पेयर व्हील कवर जैसे डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, फुल टैंक और चार्ज बैटरी के साथ इसकी कुल रेंज 1,100 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है। SUV की डिलीवरी जनवरी 2027 के मध्य से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कीमत, फीचर्स और अन्य तकनीकी जानकारी लॉन्च के दौरान सामने आएगी।
यह भी पढ़े: WhatsApp में आया मैसेज शेड्यूल फीचर, जानें कैसे करेगा काम









