आबकारी दल पर हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, इनमें एक महिला भी

विधायक ने खोला विभाग के खिलाफ मोर्चा, लगाया झूठा प्रकरण दर्ज करने का आरोप, जांच की मांग रखी
आबकारी उपायुक्त ने कार्रवाई को बताया ठीक
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। माकड़ौन थाने के सालनाखेड़ी में आबकारी दल पर हमले की घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। तराना विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार ने आबकारी विभाग पर द्वेषतापूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इधर, हमले को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। आबकारी अधिकारी ने विभागीय कार्रवाई को एकदम ठीक बताया है।
दरअसल, तराना वृत की आबकारी सब इंस्पेक्टर रानी सिंह के नेतृत्व में टीम गश्त पर थीं। सालनाखेड़ी में टीम को जगदीश चौहान द्वारा अवैध शराब का कारोबार करने की सूचना मिली थी। टीम यहां पहुंची तो जगदीश घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब लेकर खड़ा था।
टीम ने जब उसके झोले की तलाशी ली तो उसमें कच्ची शराब के पाउच मिले। टीम इसकी जब्ती की तैयारी कर ही रही थी कि इस दौरान जगदीश ने परिजनों एवं साथियों को आवाज लगाकर बुला लिया। इन सभी ने एकजुट होकर टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान टीम के सदस्यों के साथ जमकर मारपीटी की गई और सरकारी वाहनों में तोडफ़ोड़ की गई। इतना ही नहीं हमलावरों ने अवैध शराब, नगदी, पर्स एवं आईडी कार्ड भी छीन लिए। इस तरह उन्होंने सरकारी काम में बाधा भी पहुंचाई।
घर से ही पकड़े आरोपी
आबकारी टीम पर हमले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और गांव की घेराबंदी की गई। मौके से तीन आरोपी पकड़े गए। तीनों एक ही परिवार के हैं। इनके नाम जगदीश पिता रतनलाल, पत्नी गायत्री बाई और बेटा कुलदीप है। पुलिस हिरासत में लेकर इनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने झूठे केस में फंसाया
तराना विधायक महेश परमार ने सालनाखेड़ी में हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस मामले में द्वेषतापूर्ण तरीके से प्रकरण दर्ज करने का आरोप भी लगाया है। परमार ने कहा कि एक तरफ शराब माफिया जहरीली शराब की आपूर्ति कर लोगों की जान ले रहा है, दूसरी ओर उज्जैन का आबकारी विभाग ग्रामीणों पर झूठा प्रकरण दर्ज कर रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
यह सवाल उठाए
आबकारी विभाग अगर सालनाखेड़ी में शराब पकडऩे गया था तो स्थानीय पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी?
विभागीय अफसरों झूठे मामले में क्यों फंसा रहे हैं और हमले की नौबत क्यों आई?
महिलाएं शामिल नहीं थीं, उनके नाम प्रकरण में क्यों लिखाए गए।
मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
हमारी कार्रवाई एकदम ठीक
आबकारी विभाग की कार्रवाई एकदम ठीक है। हमारी टीम शराब बनाने और बेचने की जानकारी मिलने पर सालनाखेड़ी गई थी। आरोपियों ने झूमाझटकी और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई है। उसी अनुसार उन पर प्रकरण दर्ज कराया गया है। आरोपी आदतन है।निधि जैन, जिला आबकारी अधिकारी









