निवाले की कमी और ठंड से आक्रामक हो रहे स्ट्रीट डॉग

हाई कैलोरी फूड और शेल्टर की जरूरत, दोनों ही नहीं लिहाजा लपक रहे हैं
चिंता: गली से लेकर मुख्य मार्गों पर श्वानों के झुंड कर रहे आम आदमी को परेशान
घरों और होटलों का बचा खाना पहुंच रहा कचरा गाडिय़ों में, इससे व्यवहार में बदलाव
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। निवाले और शेल्टर की कमी ने ठंड के इस मौसम में स्ट्रीट डॉग्स को आक्रामक कर दिया है। मौसमी बदलाव के बाद इनको हाई कैलोरी की जरूरत है और घरों, दुकानों और होटलों से निकलने वाला भोजन कचरा गाडिय़ों में जा रहा है,ऐसे में स्ट्रीट भूखे स्ट्रीट डॉग्स चिड़चिड़े हो गए हैं। यह वाहन चालकों पर लपक रहे हैं और पैदल चलने वालों को दौड़ा रहे हैं। ठंड से बचने के लिए अब यह झुंड में रह रहे हैं। ऐसे झुंड गली-मोहल्लों में दिख रहे हैं।
दरअसल, मौसम में आए बदलाव ने स्ट्रीट डॉग्स के सामने मुसीबत पैदा कर दी है। रात का तापमान १२ डिग्री चल रहा है और ठंड के इस मौसम से बचनेे के लिए उनके पास शेल्टर की कमी है। ठंड से बचने के लिए उन्हें इस वक्त हाई कैलोरी फूड की जरूरत है और हाल यह है कि भरपेट खाना भी नहीं मिल रहा है। ऐसे में स्ट्रीट डॉग चिड़चिड़े हो रहे हैं और लोगों पर लपक रहे हैं। डॉग लवर्स और पशु प्रेमियों का मानना है कि पहले होटल, रेस्टोरेंट, दुकानों का बचा भोजन इन्हें आसानी से मिल जाता था। पुराने समय में तो हर घर में गाय और कुत्ते की रोटी अलग बनाने का नियम भी था। पर अब यह परंपरा दम तोड़ चुकी है। घरों का बचा खाना भी गायों और स्ट्रीट डॉग्स के बजाय कचरा गाडिय़ों में डाला जा रहा है। ऐसे में स्ट्रीट डॉग्स को भोजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस तरह बदल रहा स्ट्रीट डॉग्स का स्वभाव
विशेषज्ञों और डॉग लवर्स का कहना है कि भोजन की कमी, आपसी प्रतिस्पर्धा और क्षेत्रीय व्यवहार के कारण स्ट्रीट डॉग्स आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं।
ठंड के मौसम में यह खुले में रह रहे हैं, इनके शेल्टर की व्यवस्था भी नहीं है। शहर में रात का तापमान १२ से १४ डिग्री के बीच है। ठंड से हो रही परेशानी स्ट्रीट डॉग्स को चिड़चिड़ा बना रही है।
स्ट्रीट डॉग्स के काटने की घटनाएं आम
शहर में स्ट्रीट डॉग्स के हमले की घटना आम है। नवंबर 2026 में ही तीनबत्ती चौराहा क्षेत्र में कोचिंग जा रही 15 वर्षीय छात्रा पर श्वान ने हमला किया था।
अगस्त 2026 में हाटकेश्वर क्षेत्र में दो लोगों के घायल हुए थे।
जून 2026 में महिदपुर तहसील के देलवाड़ी में तीन वर्षीय बच्ची स्ट्रीट डॉग्स के हमले में गंभीर घायल हो गई थी।
मीडिया रिपोर्ट में उज्जैन जिले में हर महीने करीब ३०० डॉग बाइट के मामले सामने आने का जिक्र है।
खाना खिलाने पर भी होते हैं विवाद
शहर में एक और समस्या और सामने आ रही है। कई कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में कुछ लोग नियमित रूप से स्ट्रीट डॉग्स को दूध, बिस्किट, ब्रेड और खाद्य सामग्री खिलाते हैं और कुछ लोग इसका विरोध करते हैं। उनका तर्क है कि स्ट्रीट डॉग्स खाने के दौरान आने-जाने वालों पर हमला करते हैं। ऐसे में डॉग लवर्स के विवाद भी होते हैं।
क्या कहते हैं पशु चिकित्सक
पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन कहते हैं कि इस समय पड़ रही एक्सट्रीम ठंड और भोजन की कमी की वजह से स्ट्रीट डॉग्स हमलावर हो रहे हैं।
इस वक्त रात का पारा 12 से 14 डिग्री के बीच चल रहा है। कड़ाके की ठंड में इनके पास रहने की कोई जगह नहीं है। यह खुले में ही रह रहे हैं। ठंडे मौसम से बचने के लिए इन्हें हाई कैलोरी फूड की जरूरत है। स्थिति यह है कि इन्हें भरपेट खाना तक नहीं मिला रहा। मूक होने से यह कुछ कह भी नहीं सकते। ऐसे में यह चिड़चिड़े हो रहे हैं। ऐसी ही स्थिति गर्मी के मौसम में भी इनके साथ बनती है, तब एक्सट्रीम गर्मी होने पर यह डिहाइड्रेट होते हैं और फिर गुस्सैल हो जाते हैं। इनके फूड और शेल्टर के इंतजाम कर दिए जाए तो इनका स्वभाव आक्रामक नहीं रहेगा।
यह किया जा सकता है
पशु कल्याण संगठनों के साथ मिलकर स्ट्रीट डॉग के लिए निर्धारित फीडिंग सेंटर बनाए जा सकते हैं।
इन सेंटर पर होटल-रेस्टोरेंट का बचा भोजन रखा जा सकता है। यह स्ट्रीट डॉग्स का भोजन बन सकता है।









