दोस्तों के साथ शिप्रा के गऊघाट पर नहाने गया बालक डूबा

परिजन बोले…3 घंटे तक तैराक या होमगार्ड के जवान नहीं आये

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन दोस्तों के साथ शिप्रा नदी के गऊघाट में नहाने गया बालक गहरे पानी में डूब गया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने कहा कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के बाद भी तीन घंटे तक तैराक या होमगार्ड के जवान मौके पर नहीं आये थे।
प्रणय बोरकर पिता अनिल 16 वर्ष निवासी जवाहर नगर अपने दोस्त विकास व एक अन्य के साथ दोपहर में नदी में नहाने के लिये गऊघाट गया था। उसे तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। दोस्तों ने इसकी सूचना प्रणय के परिजनों को दी।
परिजन तत्काल गऊघाट आये और नीलगंगा थाने व होमगार्ड व तैराकों को भी इसकी खबर की लेकिन शव की तलाश के लिये तीन घंटे तक कोई नहीं आया। परिजनों ने बताया कि प्रणय 10 वीं का छात्र था और अभी पूरक परीक्षा दी थी। उसके पिता माली का काम करते हैं। वह इकलौता पुत्र था। रात करीब 8 बजे प्रणय का शव नदी से निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।









