सुबह 5.30 बजे काम पर जा रहे अधेड़ को डम्पर ने रौंदा, मौत

पाटपाला मक्सीरोड पर हुई घटना, डम्पर छोड़ भागा ड्राइवर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हाटकेश्वर कॉलोनी में रहने वाला अधेड़ अपनी बाइक से मक्सीरोड स्थित कोल्ड स्टोर जा रहा था तभी डम्पर चालक ने अपना वाहन लापरवाही से चलाकर बाइक में टक्कर मारी। दुर्घटना में वृद्ध की मृत्यु हो गई। डम्पर ड्राइवर वाहन छोडक़र भाग गया।
हाटकेश्वर कॉलोनी निवासी महेन्द्र पिता हीरालाल जोशी (५५) मक्सीरोड स्थित कोल्ड स्टोर पर काम करते थे। उनके बेटे बंटी जोशी ने बताया कि वह सुबह अपनी बाइक से काम पर जाने के लिए घर से निकले। 5.30 पर सूचना मिली कि उनका पाटपाला मक्सी रोड स्थित देवनारायण मंदिर के पास एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचकर देखा लोगों की भीड़ लगी थी। डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मारी थी। दुर्घटना में महेन्द्र जोशी की मृत्यु हो गई जबकि डम्पर चालक अपना वाहन छोडक़र भाग गया। पंवासा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।
मंदिर से लौट रहे युवकों की बाइक को कार ने टक्कर मारी, 1 की मौत 2 घायल: शांति नगर नीलगंगा निवासी कान्हा पिता रामप्रसाद अपने दोस्त अर्जुन, गोलू के साथ आलोट स्थित जोगनिया माता मंदिर दर्शन करने गया था। बाइक से तीनों लौट रहे थे तभी उन्हेल रोड पर अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों युवक घायल हुए। उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कान्हा की मृत्यु हो गई। परिजन ने बताया कि कान्हा अपने चाचा के वाहन पर काम करता था। उसकी शादी की बातचीत चल रही थी।









