पोहा लेकर ट्रेन में चढ़ रहा यात्री चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसा, सर्तकता ने बचा लिया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश में एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। आरपीएफ कांस्टेबल रामचरण यादव ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से उसे बाहर खींच लिया। यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना बुधवार दोपहर करीब 1.27 बजे की है। अजमेर से काछीगुड़ा के बीच चलने वाली एक्सप्रेस उज्जैन से भोपाल की ओर रवाना हो रही थी। इसी बीच एक यात्री नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा। उसने पोहे की खरीदी की और जैसे ही इसे हाथ में लेकर वह ट्रेन की तरफ बढ़ा ट्रेन ने रवाना हो गई और उसने स्पीड पकड़ ली। पोहा लेकर ही यात्री ने चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश की। एक हाथ में पोहा प्लेट और दूसरे हाथ से दरवाजे का हैंडल पकड़ते समय उसका हाथ फिसल गया और वह कमर तक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ जवान रामचरण यादव की जैसे ही यात्री पर पड़ी, उन्होंने दौड़ लगाई, इस बीच एक शख्स और मौके पर पहुंच गए। दोनों ने मिलकर यात्री को बाहर खींच लिया। इस बीच कुछ यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्री को सुरक्षित ट्रेन में बैठा दिया गया।









