दिल्ली के बाद अब बॉम्बे HC में बम की धमकी

नई दिल्ली/मुंबई। शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट और बॉम्बे हाईकोर्ट को बम धमकी वाले ईमेल भेजे जाने से हड़कंप मच गया। दिल्ली हाईकोर्ट को भेजे मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में 3 बम लगाए गए हैं और दोपहर 2 बजे तक कैंपस खाली करने की चेतावनी दी गई थी।

इसी तरह बॉम्बे हाईकोर्ट को भी धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद तुरंत खाली कराया गया। वकीलों, जजों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया तथा बम स्क्वॉड की टीम परिसर की सघन तलाशी कर रही है।
दिल्ली हाईकोर्ट को भेजे गए ईमेल के सब्जेक्ट में लिखा गया— “पवित्र शुक्रवार विस्फोटों के लिए पाकिस्तान-तमिलनाडु की मिलीभगत, जज रूम/कोर्ट परिसर में 3 बम रखे गए हैं।”गौरतलब है कि इससे पहले पटना में भी 11 सितंबर की दोपहर पाकिस्तानी X हैंडल से धमकी भरा ईमेल आया था। इसमें शुक्रवार को सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाके की चेतावनी दी गई थी।









