6 दिन के दीपावली अवकाश के बाद खुली कृषि उपज मंडी

किसानों की चहल-कदमी से रौनक

पर्ची डालकर निकाला नाम, फिर लगाई बोली
उज्जैन।6 दिन के दीपावली अवकाश के बाद सोमवार को चिमनगंज स्थित कृषि उपज मंडी किसानों की चहल-कदमी से गुलजार हो गई। किसानों के नाम की पर्ची डालकर निकाले गए और फिर शुभ मुहूर्त में नीलामी की शुरुआत हुई। इसके लिए किसान एक दिन पहले रविवार को ही मंडी पहुंचना शुरू हो गए थे। दरअसल, सबसे पहले मंडी में भगवान श्रीगणेश की महाआरती कर छप्पन भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात व्यापारियों का मिलन समारोह हुआ। इसके बाद मुहूर्त के सौदे की शुरुआत हुई। मंडी समिति ने किसानों के नाम लेकर लॉटरी के माध्यम से पर्ची निकाली। जिस किसान का नाम सबसे पहले आया उसकी उपज की पहली बोली व्यापारियों ने लगाई।
वीडी क्लॉथ मार्केट में गणेश आरती
विक्रमादित्य क्लॉथ मार्केट में सुबह 9 से 10:30 बजे के बीच व्यापारियों ने भगवान श्रीगणेश की महाआरती की। वीडी क्लॉथ मार्केट व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि आरती के बाद सभी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचे और कारोबार की शुरुआत की।
दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह
दौलतगंज होलसेल किराना बाजार में सोमवार सुबह मुहूर्त के सौदे हुए। इसके पहले फव्वारा चौक पर दौलतगंज होलसेल किराना मर्चेंट एसोसिएशन द्वारा दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव थीं। समारोह में वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान किया गया।








