एयरटेल ने फोड़ी पाइपलाइन ढाई लाख भरना पड़ेगा जुर्माना!

नगर निगम ने कार्रवाई के लिए पुलिस को भी आवेदन भेजा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शहर में पेयजल की लाइन फूटने का सिलसिला थम नहीं रहा है। भैरवगढ़ रोड पर एयरटेल कंपनी द्वारा किए जा रहे काम के दौरान पेयजल लाइन फूटने पर पीएचई ने उसे दुरुस्त कराकर कंपनी पर ढाई लाख रुपए का जुर्माना करने का प्रस्ताव अधिकारियों को भेजा है। साथ ही पुलिस को भी कार्रवाई के लिए आवेदन किया है।
भैरवगढ़ क्षेत्र में महावीर नगर के पास पेयजल लाइन फूटने से पिछले तीन दिनों से पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। एक लाइन टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा भी फोड़ दी गई थी। इससे गढक़ालिका मंदिर, काल भैरव मंदिर क्षेत्र सहित कई रहवासी इलाकों में पेयजल की सप्लाई ठप पड़ गई थी। पार्षद हेमंत गेहलोत ने इसकी शिकायत निगम और पीएचई अधिकारियों से की।
उपयंत्री दिलीप नवधाने ने कार्रवाई कर एयरटेल कंपनी के विरुद्ध ढाई लाख रुपए के जुर्माने का प्रस्ताव विभाग के अधिकारियों को भेजा है। निगम आयुक्त के आदेश पर यह जुर्माना वसूला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार एयरटेल कंपनी द्वारा लाइन डाली जा रही है। इसी दौरान भैरवगढ़ रोड पर पेयजल सप्लाई की जीआई पाइपलाइन फूट गई।
बिजली फॉल्ट होने से असर, टैंकर से लेना पड़ा पानी…
गंभीर डेम स्थित प्लांट के पास बिजली की लाइन में फॉल्ट होने के कारण आज गुरुवार को कई क्षेत्रों में पेयजल कम दबाव से हो सका। सराफा क्षेत्र में टैंकरों से पानी लोगों तक पहुंचाया जा सका। हालांकि गलियों में टैंकर न जाने से लोग परेशान रहे।
इन इलाकों में पेयजल की परेशानी
छोटा सराफा, जहाज गली, रणछोड़ गली, 56 भैरव गली, रामचंद्र सेठ की गली, डाबरी, अखाड़ा गली, नूपुरेश्वर महादेव गली, नई पेठ, गजलक्ष्मी मंदिर गली, कलालसेरी सहित कई क्षेत्रों में गुरुवार सुबह पेयजल सप्लाई प्रभावित हुई।









