चरक अस्पताल के प्रसूति विभाग से रात में बच्चा चुराने की कोशिश नाकाम

उज्जैन। चरक अस्पताल के प्रसूति वार्ड में रविवार की देर रात ढाई बजे के करीब उस समय हंगामा मच गया जब महिलाओं को पता चला कि दो-तीन युवक वार्ड में घुसे हैं। उनकी मंशा किसी का बच्चा चुराने की थी। जैसे ही वार्ड में खटपट की आवाज आई प्रसुताएं जाग गईं और शोर मच गया।

प्रसुताओं को जागता हुआ देखकर वार्ड में घुसे युवक भाग निकले। बड़ी देर तक वहां दहशत का माहौल रहा। शोर सुनकर वार्ड में ड्यूटी देने वाली नर्सें व अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए थे। इस घटना की चश्मदीद गवाह सिंधी कालोनी में रहने वाली बबीता ने बताया कि वार्ड में दो-तीन युवक घुसे थे।
जब शोर मचा तो वे भाग निकले। इस घटना के बाद लोगों का कहना था कि यदि वे बच्चा चुराने नहीं आए तो फिर उनका इस तरह दबे पांव आने का मकसद क्या था। खास बात यह कि प्रसूतिगृह में महिलाओं के अलावा किसी को प्रवेश नहीं दिया जाता है। इस संबंध में अस्पताल के अफसरों से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन नेटवर्क नहीं मिलने से बातचीत नहीं हो पाई।








