मोरूखेड़ी में बिजली कंपनी की टीम पर हमला

उपयंत्री की कॉलर पकड़ी, वाहन के कांच फोड़े : जब्त बाइक छीनी, भागकर बचाई जान

उज्जैन। बिजली बिल की बकाया राशि की वसूली के लिए एमपीईबी की टीम शनिवार दोपहर पंवासा थाना क्षेत्र के ग्राम मोरूखेड़ी पहुंची। यहां बकायेदार द्वारा भुगतान में आनाकानी की गई तो टीम ने उसकी बाइक जब्त कर ली। इससे गुस्साए लोगों ने टीम को घेरा और कुल्हाड़ी, लट्ठ व पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। टीम ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई व थाने पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कराया।
एमपीईबी के कनिष्ठ उपयंत्री अनिल कुमार चौधरी पिता रामलाल चौधरी ने बताया कि वह अपनी टीम के अनिल वास्कले, रतन कुशवाह, राजाराम, गोविंद वर्मा, जितेन्द्र लोधी, गणेश चौहान, राहुल चौहान के साथ विभाग के बोलेरो वाहन से मोरूखेड़ी में बिजली बिल की बकाया राशि वसूल करने गए थे। दोपहर करीब 1.30 बजे उनकी टीम ने जितेन्द्र बंजारा के 8 हजार रुपए से अधिक बकाया होने पर रुपए जमा करने की बात कही। उसने रुपए जमा करने से इंकार किया गया इस पर टीम ने उसकी मोटर साइकिल जब्त कर बोलेरो वाहन में रख ली। इसका विरोध करने जितेंद्र बंजारा के साथ अनोखीलाल, राजेश व प्रकाश सहित उनके साथी कुल्हाड़ी, लट्ठ लेकर आए और अनिल कुमार चौधरी की कॉलर पकडक़र गाली गलौज करने लगे। टीम के सदस्यों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो लोगों ने उनके साथ हाथापाई की।
बाइक भी उतारकर ले गए
एमपीईबी की टीम ने जितेंद्र की जो बाइक जब्त कर अपने बोलेरो वाहन में चढ़ाई थी उसे दो युवकों ने बोलेरो वाहन से वापस उतार लिया और टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि हमलावरों से जान बचाने के लिए टीम के सदस्य अपने वाहन में बैठकर गांव से निकल रहे थे तभी पीछे से हमलावरों ने पत्थर फेंके जिससे वाहन के कांच फूट गए। पंवासा थाना पुलिस ने मामले में शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।









