मामला महावीर बाग में गोली चलने का

8 दिन बीते, अब तक पुलिस नहीं लगा पाई बदमाशों का सुराग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महावीर बाग में गोली चलने की घटना को ८ दिन बीतने के बाद भी नानाखेड़ा पुलिस अब तक दोनों बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। ब्लैक एंड व्हाइट सीसीटीवी कैमरे होने और जिस स्कूटर पर बदमाश आए थे उस पर नंबर नहीं होने से पुलिस को बदमाशों का पता लगाने में दिक्कत आ रही है।
दरअसल, ३०-३१ मई की दरमियानी रात महावीर बाग में रहने वाले विशाल कनोजिया के घर पर देर रात १ बजे स्कूटर से आए दो अज्ञात बदमाशों ने देसी कट्टे से फायर किया था। गोली घर के बाहर पिलर पर लगी थी जिससे वहां निशान बन गया था। फायर करने से पहले बदमाशों ने घर के बाहर दो राउंड भी लगाए थे। घटना का १ मिनट ९ सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था जिसमें स्कूटर पर दो लोग दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, घटना के ८ दिन बाद भी बदमाश पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। नानाखेड़ा पुलिस का कहना है उनकी तलाश की जा रही है।
फरियादी ने चाचा और उनके बेटे पर लगाया था आरोप
मामले में फरियादी विशाल कनोजिया ने अपने चाचा दिनेश पिता लक्ष्मण कनोजिया निवासी कमरी मार्ग और उनका बेटा नितेश पिता दिनेश कनोजिया पर गोली चलवाने का आरोप लगाया था। विशाल का कहना है कि उनकी दादी के नाम पर पुश्तैनी जमीन है। चाचा और उनका बेटा जमीन बिकवाकर अपना हिस्सा लेना चाहते हैं। इसी के चलते उन्होंने हमें डराने के लिए बदमाश भेजे जिन्होंने फायर किया।









