एक फरार आरोपी पकड़ाया, दो की तलाश

मामला देसाईनगर में डीजे बजाने की बात पर हुए विवाद में हत्या का

अब तक मुख्य आरोपी सहित सात को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। देसाईनगर में जन्मदिन पर डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने तीन फरार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। एसपी ने फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित 7 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दरअसल, 31 जनवरी को देसाईनगर में इस घटना का मुख्य आरोपी स्वयं त्रिपाठी साथियों के साथ जोर-जोर से डीजे बजाते हुए अपना जन्मदिन मना रहा था। पास में रहने वाले अंकित सिंह गौड़ ने आवाज धीमी करने को कहा था। यह सुन स्वयं और उसके साथी भड़क गए और गुंडागिर्दी करते हुए जबर्दस्ती अंकित के घर में घुस गए।
उन्होंने अंकित सहित जोगेंद्र सिंह गौड़, विजय गौड़, रोहित गौड़, सुमित गौड़ के साथ मारपीट की। इसमें 48 साल वर्षीय जोगेंद्र पिता पूरन सिंह गौड़ गंभीर घायल हो गए थे। जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। घटना के 18 दिन बाद 18 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी जिससे मामला हत्या में तब्दील हो गया था। मौत से आक्रोशित परिजनों ने 19 फरवरी को फरार आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए शव रखकर प्रदर्शन किया था और सीएम से भी न्याय की गुहार लगाई थी।
तीन में से एक हिरासत में
फरार तीन आरोपियों तरुण पिता लक्ष्मण गिरी निवासी एलपी भार्गव नगर, राज पिता लोकेंद्र मेहता निवासी खत्रीवाड़ा और धु्रवप्रताप पिता महेंद्र सिंह झाला निवासी ऋषिनगर में से तरुण गिरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रत्येक आरोपी की सूचना देने वाले को १० हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। सूचनाकर्ता का नाम, पता और मोबाइल नंबर भी गुप्त रखा जाएगा।
अब तक 7 गिरफ्तार
घटना के बाद माधवनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी स्वयं त्रिपाठी और डीजे संचालक देव प्रताप सिंह राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों को चिह्नित कर वैभव, हिमांशु, जग्गू पासी और एक बाल अपचारी को पकड़ा था। इनमें से बाल अपचारी को सुधारगृह और शेष को जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने फरार तरुण गिरी को भी धरदबोचा है, शेष दो की तलाश जारी है।









