रतलाम में 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

पहली मंजिल पर दुपट्टे से लटका मिला शव, घटना के समय माता-पिता काम पर गए थे; मौत के कारण की जांच की मांग
रतलाम। थाना औद्योगिक क्षेत्र के डोसी गांव के पास गौरव पैलेस कॉलोनी में गुरुवार को 16 वर्षीय 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव घर की पहली मंजिल पर दुपट्टे से लटका मिला। घटना के समय उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे।
परिजनों के अनुसार, छात्रा गुरुवार सुबह स्कूल नहीं गई थी। दोपहर में उसका छोटा भाई स्कूल से घर लौटा और ऊपर की मंजिल पर गया। वहां उसने बहन को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पिता फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन
मृतका की मां शारदा परमार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि पिता निजी फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन हैं। परिवार मकान की पहली मंजिल पर रहता है। ग्राउंड फ्लोर पर छात्रा के दादा-दादी और बड़े पिता अशोक परमार का परिवार रहता है।
अशोक परमार के मुताबिक, वे दोपहर में लंच के लिए घर आए थे। इसी दौरान छात्रा का छोटा भाई ऊपर से आया और उसने घटना की जानकारी दी।
एंबुलेंस नहीं पहुंचने का आरोप
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2:10 बजे 112 डायल पर सूचना दी गई थी। करीब 10 से 15 मिनट में 112 की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन टीम ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि थाना पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा।
परिजनों का यह भी कहना है कि शव को अस्पताल ले जाने के लिए पुलिस की ओर से अलग से कोई व्यवस्था नहीं की गई। बाद में 112 डायल के जवानों ने शव को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद परिवार के लोग नाराज नजर आए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन छात्रा के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।









