रांची और कराची जुमले से सुर्खियों में सीएम

झारखंड में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में डॉ. मोहन यादव शामिल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नरेंद्र सिंह अकेला उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अच्छे संगठक तो हैं ही, रणनीतिकार और अच्छे वक्ता भी हैं। साहित्य, संस्कृति प्रेमी और इतिहास के जानकार होने के साथ लच्छेदार, व्यंग्यात्मक भाषण देने में भी माहिर हैं। बुधनी और विजयपुर के बाद वे झारखंड के चुनावी दौरे पर हैं। उनके जुमले वहां चर्चित हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित भी हो रहे हैं।
भाजपा के केंद्रीय चुनाव प्रबंधन ने पहले हरियाणा और अब झारखंड की चुनावी सभाओं के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में मप्र के सीएम डॉ. मोहन यादव का नाम प्रमुखता से रखा है। अपनी वाकपटुता, मतदाताओं के दिमाग में उतरने वाली भाषा शैली और व्यंग्यात्मक लहजे के लिए वे विधानसभाओं में बुलाए जा रहे हैं। विपक्ष पर किए जाने वाले कटाक्ष और विकास की इबारत के अलावा क्षेत्र का अध्ययन कर लेने से वे विधानसभाओं में नए नजर नहीं आते।
आदिवासियों में जुमले हुए लोकप्रिय
लातेहार विधानसभा के बालूमाथ, पांकी,पौरेयाहट, सारद, मोहनपुर, चतरा के अलावा देवधर और दुमका जिले में आयोजित विधानसभाओं में डॉ. मोहन यादव धाराप्रवाह करीब 25 से 30 मिनट तक बोले। इस दौरान भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र किया। क्षेत्र के विकास की बात करते हुए उन्होंने विपक्ष पर जबरदस्त हमले किए। मौजूदा सरकार पर जुमलों की बरसात कर दी। कहा कि, कांग्रेस और हेमंत सोरेन ने रांची और कराची बना दिया। बताया कि इस सरकार ने घुसपैठियों को रोकने की कोशिश नहीं की। रांची और कराची जुमला सोशल मीडिया पर खूब चला। डॉ. यादव ने कहा कि लडक़ी जब ससुराल जाती है तो उसका सरनेम बदल जाता है। कांग्रेस में सरनेम बदलने की परंपरा ही नहीं है।
दो चरणों में होना है चुनाव: इस बार झारखंड में दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 13 नवंबर को पूरा होगा। यहां 13 जिलों की 30 सीटों के लिए चुनाव होंगे। दूसर चरण में 16 जिलों की 36 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। सीएम डॉ.यादव यहां जनसभाओं को संबोधित करेंगे। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। पिछला चुनाव 2019 में हुआ था तब पांच चरणों में मतदान हुए थे।
भाजपा लाई पंच प्रण: भाजपा झारखंड के लिए पंच प्रण लाई है। पहला, गोगो दीदी योजना में प्रति 11 तारीख को 2100 रुपए महिलाओं को देंगे। संथाली भाषा में मां को गोगो कहते हैं। एलपीजी सिलेंडर ५०० रुपए में। पांच साल में पांच लाख बेरोजगारों को रोजगार। स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं को दो साल साल तक दो हजार रुपए प्रतिमाह साथी भत्ता। गरीबों को आवास सुविधा का लाभ मिलेगा।
चुनाव का गणित कुछ इस प्रकार है
वर्तमान में जेएमएम के 30, कांग्रेस के 16 आरजेडी एक और भाजपा के 25 विधायक हैं। कांग्रेस के सहयोग से जेएमएम के हेमंत सोरेन सीएम हैं। 2019 के चुनाव में आजसू के सरयू राय की नाराजगी भाजपा को भारी पड़ी थी। इस बार वे साथ में हैं। जेवीएम ने सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ कर 5.45 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। इस बार जेवीएम भाजपा के साथ है।