स्पीड बोट पर सवार होकर कलेक्टर ने किया दौरा

उज्जैन। आगामी सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने भी कमर कस ली है और सिंहस्थ को लेकर चल रहे कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने त्रिवेणी पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट एवं अन्य अधिकारी भी थे।

आमतौर पर वाहन और पैदल दौरा करने वाले कलेक्टर सिंह ने त्रिवेणी पर बने श्मशान से स्पीड बोट में बैठकर निरीक्षण की शुरुआत की। उन्होंने शिप्रा पर त्रिवेणी शनि मंदिर से नागदा बायपास तक नदी के दोनों ओर बनने वाले २९ किमी के नए घाट को लेकर निरीक्षण किया। साथ ही शिप्रा की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। कुछ जगह पानी कम होने पर उन्होंने नाव भी बदली। इसके बाद कलेक्टर नृसिंह घाट से पैदल चलते हुए रामघाट पहुंचे। यहां उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। घाट पर ही नाश्ता करने के बाद वह रवाना हो गए। करीब 14 किमी का दौरा भैरवगढ़ क्षेत्र पहुंचकर समाप्त हुआ।
अधिकारियों को देख सफाई में जुटे रहे कर्मचारी
अमूमन रामघाट पर सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मचारी मुस्तैद नहीं होते लेकिन जैसे ही सुबह 9.30 बजे कलेक्टर नीरज कुमार सिंह अधिकारियों के साथ पहुंचे तो रामघाट से लेकर दत्तअखाड़ा तक सफाई कर्मचारी अपने काम में जुटे नजर आए। नदी से निर्माल्य सामग्री निकालने के साथ घाट की भी सफाई होती रही।








