सिंहस्थ की तैयारी पर कलेक्टर की नजर, टनल में उतरे

कान्ह डक्ट परियोजना में अब तक 3.45 किमी की टनल तैयार

जल निकासी और वेंटिलेशन की व्यवस्था
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को भव्य और दिव्य बनाने तथा मां शिप्रा को स्वच्छ और अविरल रखने के उद्देश्य से निर्माणाधीन कान्ह क्लोज़ डक्ट डायवर्शन परियोजना का निरीक्षण कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को किया।
कलेक्टर सिंह ने योजनांतर्गत चिंतामण जवासिया स्थित शाफ़्ट-2 में टनल के भीतर उतरकर निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की गति, गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों की समीक्षा करते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए और स्ट्रेटा क्लासीफिकेशन के अनुरूप तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित हो। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि टनल में जल निकासी और वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था की गई है। अब तक करीब 3.45 किलोमीटर टनल निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री मयंक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









