कार रिवर्स करने को लेकर विवाद, कुर्सी फेंककर मारी, फिर गाड़ी में तोडफ़ोड़ की

विवाद में महिला घायल, चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम मंगरोला का मामला

उज्जैन। चिंतामण क्षेत्र के ग्राम मंगरोला में कार रिवर्स करने लेकर पड़ोसी ने मां-बेटे को कुर्सी फेंककर मारी और फिर कार में भी पत्थर मारकर तोडफ़ोड़ की। मामले में पीडि़त परिवार ने चिंंतामण थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
फरियादी दीपक सिंह निवासी मंगरोला ने बताया कि रविवार को अपनी मां रामूबाई पति अशोक सिंह (४०) के साथ गांव के रिद्धि-सिद्धि गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसके लिए वह घर से कार रिवर्स कर बाहर निकाल रहा था तभी पड़ोस में रहने वाले उनके रिश्तेदार जगदीश सिंह पिता बद्रीसिंह गाली-गलौच करने लगा।
उसने घर की दूसरी मंजिल से कुर्सी फेंकी जो रामूबाई को सिर में लगी जिससे खून निकलने लगा। इसके बाद गुस्से में जगदीश सिंह नीचे आया और पत्थर मारकर कार में तोडफ़ोड़ ेकी जिससे कार का आगे का शीश और पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दीपक ने चिंतामण थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है और मां रामूबाई को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पहले भी कर चुका विवाद
फरियादी दीपक सिंह ने बताया कि जगदीश सिंह उनके दादाजी के भाई का बेटा है। वह पहले भी विवाद करता रहा है। दो साल पहले भी उसने बेवजह विवाद करते हुए बोतल फेंकी थी लेकिन रिश्तेदार होने के चलते हमने मामले को जाने दिया। इस बार भी कार रिवर्स कर बाहर निकालने को लेकर विवाद करते हुए मारपीट और तोडफ़ोड़ की।









