बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सिस्टम, MP समेत 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट

भोपाल/लखनऊ/पटना, एजेंसी। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम मंगलवार तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। बांग्लादेश ने इसका नाम ‘अर्नब’ रखा है। मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्य प्रदेश समेत आठ राज्यों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
MP में 24 सितंबर से तेज बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 सितंबर से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक मानसून की करीब 91 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। चक्रवाती सिस्टम के असर से कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में कमजोर पड़ा मानसून, नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। उन्नाव में जलभराव के कारण सड़कों पर नाव चलाने की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने 24 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के 14 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पहाड़ों पर बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से निचले इलाकों में भी परेशानी बढ़ी है।
बिहार और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना
बिहार में पटना समेत 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
वहीं, छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट है। केरल में भी मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है।









