डिजिटल क्रांति… दिव्यांगजनों के लिए ऑनलाइन रियायती कार्ड की सुविधा शुरू

अब तक ऑनलाइन 800 से अधिक रियायती कार्ड जारी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। डिजिटल क्रांति के इस दौर में भारतीय रेलवे ने दिव्यांगजनों के लिए रियायत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। अब दिव्यांगजन घर बैठे ही आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अब केवल जरूरी दस्तावेज जैसे दिव्यांगता प्रमाण पत्र, रेलवे रियायत प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और फोटो को वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। अब तक 800 से अधिक रियायती कार्ड जारी ऑनलाइन जारी किए जा चुके हैं।
दरअसल, रियायती कार्ड की सुविधा ऑनलाइन होने से दिव्यांगजनों को रेलवे कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही मानसिक एवं आर्थिक परेशानी से भी निजात मिल गई है। इस सुविधा का लाभ घर बैठे मोबाइल/लैपटॉप/कम्प्यूटर के माध्यम लिया जा सकता है। रतलाम मंडल पर नवंबर-2024 में ऑनलाइन माध्यम से रियायती कार्ड बनाने की सुविधा की शुरुआत की गई तथा मंडल द्वारा अब तक लगभग 800 से अधिक रियायती कार्ड बनाकर दिव्यांग लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा चुके हैं।
ऐसे करना होगा अवेदन
ऑनलाइन रियायती कार्ड बनवाने के लिए संबंधित लाभार्थी को दिव्यांगजनआईडी.इंडियनरेलवे.ईन (divyangjanid.indianrailway.in) पर जाकर अकाउंट बनाना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, विकलांगता प्रमाण पत्र, फोटो, व्यक्तिगत विवरण सहित अन्य जानकारियां भरना होगी। सभी विवरण एवं दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने एवं आवेदन अंतिम रूप से सबमिट करने के बाद आवेदक द्वारा आवेदन की स्थिति ऑनलाइन चैक कर सकता है।
रेल यात्रा में फायेदमंद कार्ड
यह कार्ड दिव्यांगजनों के लिए रेल से यात्रा करने में काफी फायदेमंद है। रियायत कार्ड से दिव्यांगजनों को रियायती दर पर रेल टिकट बुक करने में मदद मिलती है तथा यात्रा के दौरान भी विशेष सुविधा प्राप्त होती है।









