बीच सडक़ पर लगे विद्युत पोल से वाहन चालकों को जान का खतरा

केडी गेट से इमली तिराहा मार्ग चौड़ीकरण को एक वर्ष बीता

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन नगर निगम द्वारा केडी गेट से इमली तिराहे तक सडक़ चौड़ीकरण का कार्य पिछले वर्ष शुरू किया गया था जिसमें सैकड़ों मकानों के साथ धार्मिक स्थल भी प्रभावित हुए थे। अफसरों ने दावा किया था कि समय सीमा में उक्त चौड़ीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा लेकिन स्थिति इससे ठीक उलट है जिस कारण रहवासी परेशान हो रहे हैं। सडक़ चौड़ीकरण कार्य के दौरान नगर निगम द्वारा मार्ग पर सेंट्रल लाइन डालने के बाद सडक़ के दोनों ओर चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवन के साथ ही धार्मिक स्थलों को भी हटाया गया था। इसके बाद सीसी रोड़ निर्माण, नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य की शुरूआत हुई।
इस कार्य को करने के लिये पीएचई और विद्युत मंडल का सहयोग भी लिया गया। लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि किसी भी विभाग द्वारा अपने काम को समय सीमा में पूर्ण नहीं किया गया। पीएचई द्वारा नई पाइप लाइन डालकर घरों में कनेक्शन देने का काम अधूरा है तो विद्युत पोल भी बीच सडक़ पर खड़े हैं।
हां विद्युत मंडल द्वारा बीच सडक़ पर खड़े पोल पर रेडियम की लाल पट्टी जरूर लगा दी है ताकि वाहन चालक उक्त पट्टी को देखकर अपने वाहन विद्युत पोल से बचाकर चलाएं। यही स्थिति नगर निगम द्वारा किये जाने वाले सडक़ व नाली निर्माण की है। केडी गेट के मार्ग पर नगर निगम द्वारा सीसी रोड़ बनाई गई है लेकिन नाली निर्माण अधूरा है। बिन बारिश के नाली का पानी सडक़ों पर बहता है। यही स्थित नयापुरा क्षेत्र, भेरूनाला से लेकर लालबाई फुलबाई तक की है। उक्त क्षेत्र तक नगर निगम द्वारा बनाई गई सीसी रोड़ का निर्माण भी बीच में ही छोड़ दिया गया है।
यह है रहवासियों की समस्या मुकुंद तिवारी निवासी नयापुरा ने बताया कि नगर निगम द्वारा किये गये चौड़ीकरण कार्य में मकान का 8 फीट हिस्सा प्रभावित हुआ था। फ्रंट टूटने के बाद हमने मकान तो फिर से बनवा लिया लेकिन नगर निगम द्वारा नाली निर्माण नहीं कराया गया इस कारण घर के बाहर गंदगी से परेशान हो रहे हैं। सोमेश जाट निवासी लालबाई फूलबाई ने बताया कि सीसी रोड़ नगर निगम द्वारा बनाया जा रहा था लेकिन बीच का हिस्सा न जाने किन कारणों से छोड़ दिया। हालांकि चौराहा के आसपास से मकानों को पीछे करने की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है। नयापुरा में रहने वाले अल्पेश ने बताया कि विद्युत मंडल द्वारा बीच सडक़ के विद्युत पोल हटाने का काम तो किया जा रहा है लेकिन उसकी गति काफी धीमी है। रात के समय स्ट्रीट लाइट नहीं होने पर वाहन चालक उक्त विद्युत पोल से टकराकर घायल होते हैं। सभी विभागों को तेज गति से काम करना जरूरी है तभी लोगों की समस्याएं हल हो पाएंगी।









