महाकाल मंदिर में गजब की सख्ती कलेक्टर की कार्रवाई का असर

नंदी हॉल में मात्र 40 श्रद्धालुओं ने किया प्रवेश

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। महाकाल मंदिर में शुक्रवार को गजब की सख्ती देखने को मिली। कर्मचारियों के चेहरों पर खौफ की लकीरें उभरी हुई थीं। सुरक्षा कर्मचारियों में दहशत के भाव थे। सेवादारों में डर के डंक का असर था। ऐसी फूर्ती और ऐसी सख्ती पहले कभी नहीं देखी गई। कॉलर ऊंची करके बात करने वालों की नजरों में भी डर समाया हुआ था, कहीं कलेक्टर फिर न जाएं।
कलेक्टर की कार्रवाई का असर आंकड़ों से साफ हो गया। कल सुबह छह बजे से नौ बजे के बीच 192 श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल से दर्शन किए थे। आज शुक्रवार को इतने ही समय में मात्र 40 श्रद्धालुओं का प्रवेश हुआ। मंदिर में भीड़ थी, लेकिन नंदी हॉल का खेल नहीं हुआ।बहुत से श्रद्धालु नंदी हॉल में जाने को आतुर थे लेकिन उन्हें ले जाने वाला कोई नहीं था। दर्शन करने वाले घूम रहे थे, कोई तो मिल जाए जो दर्शन करा दे।
लेकिन कोई नहीं मिला। उधर गेट नंबर एक जहां से सुबह के तीन घंटे में तीन-चार सौ श्रद्धालु पवेश पा जाते थे। आज वहां सन्नाटे का अलम था। एक व्यक्ति भी इस गेट से अंदर नहीं गया। यह सख्ती का असर था। कुछ लोगों का तो यह कहना भी था कि यह सख्ती बमुश्किल एक सप्ताह रहेगी। उसके बाद एजेंट फिर आ जाएंगे। जो पहले हो रहा था वही फिर होने लगेगा। वहीं दूसरे लोगों का जवाब था कि एजेंटों को आने दो, कलेक्टर फिर चैकिंग करवा लेंगे। वैसे भी वे रोजाना आते ही हैं।









