166 वाहनों के चालान बनाकर 30 हजार का जुर्माना वसूला

सड़कों पर पुलिस का चैकिंग अभियान जारी

शराब पीकर नए साल का जश्न मनाने से पहले हो जाएं सावधान…
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। आप शराब पीकर नए साल का जश्न मनाकर वाहन से घर लौटने का प्लान बना रहे हैं तो सावधान हो जाएं। पुलिस जिले में ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। पिछले दो दिनों में पुलिस ने 166 वाहन चालकों को पकड़ा और जुर्माने की कार्रवाई की। 40 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 में कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर और नववर्ष में उपलक्ष्य में जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सभी थाना पुलिस के अफसर अपने-अपने क्षेत्र के मुख्य चौराहों पर बैरिकेडिंग कर न सिर्फ वाहन चैकिंग कर रहे हैं, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों की धरपकड़ भी कर रहे हैं। एसपी शर्मा के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद धारा 185 में कार्रवाई की जा रही है।
तेजगति और स्टंट ड्राइविंग पर रोक
पुलिस तेजगति और स्टंट ड्राइविंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से वाहन चालकों को समझाइश भी दे रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष जश्न के दौरान लापरवाही से वाहन न चलाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। यदि किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हमारा उद्देश्य दुर्घटना और अपराध रोकना
एसपी शर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा की जा रही सख्त चैकिंग में आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य वाहन दुर्घटना और अपराध रोकना है। चैकिंग के दौरान पुलिस द्वारा मांगे जाने वाले वाहन संबंधित कागजात साथ रखें।








