रूफटॉप सोलर प्लांट से रोशन होगा उज्जैन रेलवे स्टेशन

सिंहस्थ की तैयारियों के क्रम में माधवनगर रेलवे स्टेशन पर स्थापित होगा 150 किलोवाट का संयंत्र
प्लेटफॉर्म 8 की यात्री सुविधा केंद्र छत पर लगेगा, हर साल बचेंगे 20.40 लाख रुपए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन का रेलवे स्टेशन सोलर बिजली से रोशन होगा। प्लेटफार्म 8 की तरफ स्थित यात्री सुविधा केंद्र की छत पर 240 सोलर माड्यूल लगाए जाएंगे। इनसे हर साल 2.55लाख यूनिट बिजली पैदा होगी। हर साल रेलवे 20.40 लाख रुपए बचाएगा।
दरअसल, सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के क्रम में उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर निर्माणाधीन लगभग 3600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के यात्री सुविधा केंद्र (पैसेंजर होल्डिंग एरिया) में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से 150 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
डीआरएम अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (पावर) धर्मेंद्र कुमार प्रजापति के निर्देशन में प्रोजेक्ट के माध्यम से रेलवे की पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम की जा रही है। स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को इससे बढ़ावा मिलेगा। पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि सोलर प्लांट में 600 से 625 वॉट क्षमता के 240 सोलर मॉड्यूल लगाए जाएंगे। हर साल 2.55 लाख यूनिट बिजली बनेगी। करीब 181 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी।
पहले लगना था 120 किलोवाट का सोलर प्लांट
यात्री सुविधा केंद्र में पहले 120 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर अब 150 किलोवाट का कर दिया गया है। वर्क आर्डर जारी हो गया है। शीघ्र ही सोलर प्लांट की स्थापना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
छत में नहीं होगी ड्रिलिंंग
इस प्रोजेक्ट की एक विशेषता यह भी है कि सोलर पैनल लगाने के लिए शेड की छत में किसी प्रकार की ड्रिलिंग नहीं की जाएगी। इसके लिए विशेष मोनो रेल एवं एडहेसिव बॉन्डिंग तकनीक अपनाई जाएगी। इससे छत की संरचना सुरक्षित रहेगी और बारिश का प्राकृतिक प्रवाह भी बाधित नहीं होगा।प्रतिकात्मक फोटो









