अभिनेता विवेक ओबेरॉय पहुंचे बाबा महाकाल के दरबार, विवेक बिंद्रा भी रहे साथ

दहलीज से किया पूजन-अभिषेक, मंदिर समिति ने किया सम्मानित
रामायण फिल्म में भूमिका के लिए मिलने वाली राशि दान करने की बात कही
उज्जैन। बाबा महाकाल के दरबार में फिल्म जगत की हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय बुधवार को उज्जैन पहुंचे और श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। उनके साथ मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा भी मौजूद रहे।
दोनों ने मंदिर में दहलीज से बाबा महाकाल का पूजन-अभिषेक किया। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से दोनों हस्तियों का बाबा महाकाल का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
जनसेवा का मौका मिले, यही बाबा से प्रार्थना
मीडिया से चर्चा के दौरान विवेक ओबेरॉय ने कहा कि उन्होंने बाबा महाकाल से कृपा बनाए रखने और ऐसा सक्षम बनाने की प्रार्थना की है कि वे अच्छे माध्यम बनकर उनके कार्यों को पूरा करने और जनसेवा में योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास और जनसेवा के कई कार्य हो रहे हैं। ऐसे कार्यों में उन्हें भी सेवा का अवसर मिले और उनका छोटा सा योगदान हो सके, यही कामना बाबा महाकाल से की है। उन्होंने परिवार के स्वस्थ रहने की प्रार्थना भी की।
रामायण फिल्म में भूमिका के लिए राशि दान करने की बात कही
रामायण फिल्म में निभाई भूमिका को लेकर विवेक ओबेरॉय ने चर्चा करते हुए बताया कि भगवान राम से जुड़े इस फिल्म प्रोजेक्ट में काम करने के दौरान उन्हें पारिश्रमिक नहीं लेने का मन हुआ और उन्होंने मिलने वाली राशि दान कर दी।









