रंजिश के चलते शादी समारोह में चाकूबाजी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 3 चाकू जब्त

कोर्ट में पेश करने के बाद सभी को जेल भेजा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सांवराखेड़ी रोड पर बंधन गार्डन में आयोजित शादी समारोह में रंजिश के चलते चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को नीलगंगा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से तीन धारदार चाकू भी जब्त किए गए हैं। सभी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
नीलगंगा पुलिस ने बताया घटना 29 दिसंबर की है। फरियादी आवेश पिता अफजल खान निवासी बेगमपुरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसमें बताया कि वह अपने दोस्त शोएब पिता शब्बीर शाह, अयान और दाऊद के साथ बंधन गार्डन में आयोजित विवाह समारोह में गया था। यहां विराटनगर निवासी आफताब, आदिल और अमन भी मौजूद थे जो रंजिश के चलते शोएब को घूर रहे थे।
समारोह से बाहर निकलते ही तीनों ने आवेश और शोएब पर हमला कर दिया। इसमें चाकू लगने से शोएब गंभीर घायल हो गया। इसके बाद आरोपी भाग निकले। घायल को तत्काल चरक और फिर सिंधी कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले में नीलगंगा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर टीआई तरुण कुरील ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम बनाई जिसने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों तलाशी ली और मुखबिरों को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार को वाकणकर ब्रिज के पास से आफताब उर्फ अलीम पिता मोहम्मद कलीम अंसारी (26) निवासी सम्राटनगर, आगर नाका, आदिल उर्फ मोहम्मद सलीम पिता मोहम्मद कलीम निवासी सम्राटनगर, अमन उर्फ मंजर पिता आरिफ मिर्जा (20) निवासी विराटनगर, और नाटू उर्फ तोहिद पिता ताजुद्दीन शेख (25) निवासी विराटनगर को पकड़ा। पूछताछ में चारों ने जुर्म कबूल किया। इनके कब्जे से तीन चाकू भी जब्त किए गए। बुधवार को सभी को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









