कलेक्टर कार्यालय से देवास रोड तक फोरलेन सडक़ तैयार

900 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी है सडक़, सरपट दौड़ रहे वाहन

उज्जैन। कोठी पैलेस स्थित सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन से देवास रोड तक 18 मीटर चौड़ी फोरलेन सडक़ बनकर तैयार हो गई है। जिस पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। योजना के दूसरे चरण में कोठी रोड से विक्रमनगर मार्ग को 24 मीटर चौड़े फोरलेन में बदलने का काम भी दिखने लगा है।
यह रोड आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय को विक्रम विवि से आवंटित ई-4 बंगले से विक्रम नगर रेलवे स्टेशन रोड एमआर-10 तक बन रहा है। इसके बाद तीसरे चरण में कोठी महल से अलकापुरी तक फोरलेन सडक़ बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इस सडक़ की चौड़ाई भी 24 मीटर होगी जिसका काम भी कुछ सप्ताह में शुरू होगा। तीनों कामों की निर्माण एजेंसी भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड है और लागत राशि 15.25 करोड़ रुपए है।
विक्रमनगर मार्ग का काम भी चल रहा
कोठी पैलेस के पीछे विक्रमनगर मार्ग को फोरलेन मार्ग में तब्दील करने का काम भी चल रहा है। इसके बनने के बाद विक्रम नगर मार्ग से आने वाले लोगों को जिला न्यायालय जाने के लिए नया रास्ता मिल सकेगा। अभी इस रोड से आने वाले लोगों को कोर्ट जाने के लिए कोठी पैलेस का पूरा चक्कर लगाना पड़ता है।
पौधे और लाइट लगाने का काम शेष
इस काम की शुरुआत पिछले वर्ष अप्रैल में नगर निगम से अनुबंधित भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने शुरू की थी जिसकी समयावधि 18 माह तय की गई है।
कोठी पैलेस स्थित प्रशासनिक संकुल भवन से देवास रोड तक बने 900 मीटर फोरलेन मार्ग पर 7-7 मीटर चौड़ी दो सडक़ें, दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर के फुटपाथ और एक मीटर का सेंटर डिवाइडर बनाया है जिसमें पौधे और लाइट लगाने का काम अभी शेष है जिसके बाद इस मार्ग की खूबसूरती और निखरेगी।









